मौसम अलर्ट : आज पहाड़ों में बारिश, मैदानी क्षेत्रों में तूफान की चेतावनी

March 27 2020

मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तराखंड के पांच जिलों में भारी बारिश और मैदानी जिलों में तूफान की चेतावनी जारी की है। वहीं पांचों पर्वतीय जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में भूस्खलन की आशंका भी जतायी है। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार 27 मार्च को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कुछ जगह भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं राज्य में कहीं-कहीं विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने के साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। दूसरी ओर पौड़ी, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी भी चल सकती हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ जगह भूस्खलन की आशंका जताई गई है। वहीं 28 मार्च को राज्य में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। जबकि 29 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। शेष जगह मौसम शुष्क रहेगा। वहीं 30 मार्च को प्रदेश में आंशिक रूप से बादल रह सकते हैं, जबकि मौसम शुष्क रहेगा।

दिल्ली में भी बारिश के आसार :

दिल्ली में शुक्रवार को धूल भरी आंधी और बरसात के आसार हैं। इस दौरान कहीं-कहीं ओले भी पड़ सकते हैं। गुरुवार के दिन भी दिल्ली के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार की रात में भी तेज हवाओं के साथ बरसात हो सकती है। जबकि, पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर शुक्रवार के दिन देखने को शुक्रवार को दिल्ली के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बरसात होने की संभावना है। इससे पहले धूप भरी आंधी भी आ सकती है। इस दौरान हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हो सकती है। वहीं, दिल्ली के *कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।


इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: लाइव हिंदुस्तान