सब्जी के साथ दलहन-तिलहन की फसलों को काफी नुकसान

January 01 2022

कबीरधाम जिले में हाल में हुई बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है। क्योंकि बारिश के साथ-साथ ओला वृष्टि हुई है। शासन ने नुकसान के आकलन के लिए सर्वे का आदेश दिया है। फसलों और घरों को हुई क्षति का मुआवजा मिलेगा। बारिश से रबी फसल समेत उद्यानिकी फसल को काफी नुकसान हुआ है। वहीं धान खरीदी भी बंद रही। संग्रहण केंद्रों में रखे धान को बचाने के लिए कैप कवर लगाने और पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। बारिश से गेहूं की फसल को तो फायदा होगा, लेकिन अन्य दलहनी फसलों को नुकसान की आशंका है। मटर, मसूर व फलफूल आ चुके चना, राई को नुकसान होगा।

बाजार में घटेगी स्थानीय सब्जियों की आवक

मौसम की मार के असर से आने वाले दिनों में घर की रसोई का जायका भी बिगड़ सकता है। यह मौसम सब्जी की फसलों के लिए काफी नुकसानप्रद साबित हो रहा है। बाजार में स्थानीय सब्जियों की आवक घटने से सब्जियों के दामो पर असर होगा।आलू, बैगन, टमाटर, मिर्ची, गोभी सहित अन्य सब्जी की फसलों पर असर अधिक बना है। अधिक ओस गिरने और कोहरे से सब्जियों का फूल भी प्रभावित होगा। सब्जी की खेती करने वाले किसानों को अधिक नुकसान की आशंका है, सब्जी की पैदावार प्रभावित होगी। पूर्व में पड़ी कड़ाके की सर्दी से भी सब्जी की फसलों को नुकसान हो चुका है।

ठंड बढ़ने की संभावना

मौसम को देखते हुए किसानों से कहा है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड पड़ने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक भी जा सकता है। इससे तुअर, मसूर, मटर व सब्जियों जैसे बैंगन, मिर्ची, टमाटर में पाला लगने की आशंका रहती है।

सर्दी-खांसी के बढ़ने लगे मरीज

मौसम के असर से असर लोगों को भी हुआ है। क्योंकि बदलते मौसम के कारण कई लोग सर्दी-खांसी से पीड़ित हैं। दूसरी ओर शासन ने ओमिक्रान और कोविड संक्रमण से बचाव के लिए सभी एहतियाती उपाय अपनाने के निर्देश दिए हैं। जिले में कोविड टेस्टिंग बढ़ाने तथा अस्पतालों में किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने कहा गया है। कोविड प्रोटोकाल का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और संक्रमण की स्थिति पर नजर रखने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य अमले को सतर्क किया जा रहा है।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Nai Dunia