दुनिया का वो सबसे महंगा अंगूर, जिसके एक गुच्छे के लिए खर्च करना पड़ सकता है 7.5 लाख रुपये

July 13 2020

पुरी दुनिया में अंगूर की सैकड़ों किस्में हैं। हमारे देश में भी लोग अंगूर खाना काफी पसंद करते हैं। अभी तक आपने केवल काले और हरे अंगूर खाये होंगे, जो आपको बाजार में आसानी से 100 रुपये से भी कम में एक किलो मिल जाएगा। लेकिन क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि अंगूर का केवल एक गुच्छा कितना महंगा हो सकता है? आज हम आपको एक ऐसे अंगूर के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसकी कीमत आपके होश उड़ा सकती है।

अंगूर की इस वैराइटी का नाम रूबी रोमन है, जो लाल रंग की होती है। साल 1995 में अंगूर की इस प्रजाति को विकसित किया गया। जापान के इशिकावा में अंगूर की इस प्रजाति को विकसित करने के लिए किसानों ने प्रीफेक्चुरल एग्रीकल्चर रिसर्च सेंटर से एक अपील की। रिसर्च सेंटर ने 400 अंगूर की लताओं पर करीब दो साल तक एक्सपेरिमेंट किया। अंगूर की 400 लताओं में से केवल 4 में ही लाल अंगूर आए। इन 4 अंगूरों में से एक किस्म ऐसी थी, जिसने किसानों का दिल जीत लिया।

रूबी रोमन अंगूर को ‘इशिकावा का खजाना’ भी कहते हैं। इसकी खेती के दौरान अंगूर के आकार, स्वाद और रंग का विशेष ख्याल रखा जाता है। इस खास प्रजाति के एक अंगूर का वजन करीब 20 ग्राम होता है। एक गुच्छे में करीब 24 अंगूर होते हैं।

जापान में लोग 7.5 लाख रुपये में अंगूर का एक छोटा सा गुच्छा खरीद रहे हैं। ऊंची कीमत की वजह से यह लाल अंगूर खासतौर पर अमीरों के फल के तौर पर जाना जाता है।

रूबी रोमन अंगूर की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, इस अंगूर में चीनी और रस की बहुत अधिक मात्रा होती है। इस अंगूर का एक बाइट लेते ही मुंह में रस भर जाता है। जापान में लाल अंगूर लग्जरी फलों की श्रेणी में आता है। इसे यहां शुभ अवसरों पर गिफ्ट के तौर पर दिया जाता है। दरअसल, रूबी रोमन जापान में आसानी से मिलता नहीं है। इसीलिए यह इतना महंगा है।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Amar Ujala