जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में इफको द्वारा कृषक प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 8 जिलों (जबलपुर, छिन्दवाड़ा, सिवनी, सागर, रीवा, कटनी, बालाघाट, दमोह) के 40 कृषकों का दल कृषि की नई तकनीक का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
राज्य विपणन प्रबंधक इफको श्री एम.एल. जोशी ने इफको खाद में दुर्घटना बीमा योजना, संकट हरन बीमा योजना एवं दवाईयों में किसान सुरक्षा बीमा योजना के बारे में भी बताया। मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक इफको जबलपुर श्री आर.एस. तिवारी ने बताया कि इफको विश्व की सबसे बड़ी सहकारी संस्था है एवं कृषकों हेतु कृषि विवि ज्ञान का मंदिर है।
कृषकों को वैज्ञानिकों के अनुसंधान का लाभ प्राप्त हो रहा है। संचालक विस्तार सेवाएं डॉ. (श्रीमती) ओम गुप्ता ने बीज उपचार के तरीके एवं महत्व को विस्तार से बताया। उन्होंने चने की लेट वैरायटी जी.जे.-14 के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि किसान 7 क्यारी में 7 तरह की सब्जी लगायें और हर दिन अलग-अलग सब्जी खायें ताकि उनकी सेहत में सुधार आये। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक इफको जबलपुर श्री राजेश कुमार तिवारी ने किया।