चने की फसल तबाह, खेतों में ट्रैक्टर चला रहे किसान

January 03 2019

पिछले दिनों कड़ाके की ठंड के चलते जिले के कई क्षेत्रों में आलू व चने की फसल बूरी तरह प्रभावित हुई। इसके बाद प्रशासन जहां सर्वे करा रहा है वहीं किसान खराब हुई चने की फसल पर ट्रैक्टर चला रहे हैं। शीतलहर व पाला गिरने के कारण जिले में चना-आलू के अलावा मटर, अरहर एवं गेहूं की फसलें भी प्रभावित हुई है।

काला पड़ा चने का दाना

पांदाजागीर। क्षेत्र में अधिक ठंड के चलते ग्राम बड़ीचुरलाय, गुर्जर गुराड़िया, मलेंडिया, बुधनगांव, पांदाजागीर के किसानों की आलु, चना व मटर की फसल शतप्रतिशत खराब हो गई है। ठंड से खराब हुई चने की फसल वाले खेतों में अब सिर्फ पौधे ही दिखाई दे रहे हैं। चने का दाना पूरी तरह से काला पड़ चुका है व सिकुड़ गया है। ऐसे में किसानों द्वारा खड़ी फसल में ट्रैक्टर चलाया जा रहा है। क्षेत्र के किसान दिलीपसिंह बैस, राजेश पाटीदार, महेश कटारिया, दुलीचंद कचेरी, जितेंद्र पाटीदार, गब्बु चौधरी, राधेश्याम पाटीदार, राकेश पाटीदार, गोपाल पांचाल, भेरुलाल मदावतिया, बद्रीलाल मालवीय आदि ने कृषि विभाग से खराब हुई फसल का अतिशीघ्र सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है। पांदाजागीर में किसान प्रीतम गुर्जर ने खेत में खड़ी चने की फसल पर ट्रैक्टर चलाया। मामले में सोनकच्छ ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी लखनसिंह परमार ने बताया शासन के निर्देश अनुसार पाला गिरने से खराब हुई फसलों का सर्वे किया जा रहा है।

नुकसानी का आकलन किया

कुलाला। कड़ाके की ठंड के चलते ग्राम संवरसी में आलू, गेहूं, चने, मटर, मक्का आदि फसलों को काफी नुकसान हुआ है। फसल नुकसानी का आंकलन पटवारी निलेश जैन, कोटवार विक्रम बामनिया ने किया। पूर्व सरपंच महेश चौधरी, लीलाधर चौधरी, जवरसिंह दरबार, संतोष भगत, मनोहरलाल आदि मौजूद थे। इसी प्रकार ग्राम कुलाला में भी कृषि विस्तार अधिकारी लखन परमार ने फसलों में हुए नुकसान का आंकलन किया।

कृषि उपसंचालक भी पहुंचे किसानों के बीच

देवास। शीतलहर व पाला गिरने के कारण जिले में चना, आलू, मटर, अरहर एवं गेहूं आदि फसलें प्रभावित हुई है। इसके चलते प्रभावित फसलों का निरीक्षण करने उप संचालक कृषि एसएस राजूपत ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचे। उपसंचालक कृषि ने विकासखंड देवास के ग्राम आगरोद, जलालखेडी, मंगरोला व रालामंडल में शीतलहर एवं पाला से प्रभावित चना, आलू आदि फसलों के खेतों का किसानों की उपस्थिति में निरीक्षण किया। किसानों से चर्चा कर पाले से फसलों के बचाव के उपाय की जानकारी दी। मौके पर कृषकों के समक्ष वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं संबंधित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को शीतलहर से फसलों को बचाव के उपाय आदि का प्रचार-प्रसार करने के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

विधायक ने भी किया दौरा

उधर देवास विधायक गायत्रीराजे पवार ने भी विजयागंज मंडी क्षेत्र के गांवों का दौरा किया। उन्होंने खेतों पर पहुंचकर किसानों से नुकसानी की जानकारी ली। इस दौरान कृषि व राजस्व विभाग के अफसर भी साथ थे। विधायक पवार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे में कोई भी गांव व किसान नहीं छूटे। इस दौरान क्षेत्र के भाजपा नेता उपस्थित थे।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत - Nai Dunia