कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के साथ पिछले 5 साल से भारत सरकार का प्रतिष्ठित कृषि कर्मण अवॉर्ड प्राप्त करने वाले म.प्र. को 6वीं बार वर्ष 2016-17 में गेहूं के सर्वाधिक उत्पादन के लिए कृषि कर्मण अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा। यह अवॉर्ड फरवरी 2019 में नई दिल्ली में होने वाले कृषि उन्नति मेले में दिया जाएगा।
भारत सरकार के कृषि आयुक्त डॉ. एस.के. मल्होत्रा ने श्री मोहनलाल संचालक कृषि को यह जानकारी दी। पुरस्कार में 2 करोड़ की राशि के साथ प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा। यह पुरस्कार ग्रहण करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री के साथ-साथ राज्य के दो प्रगतिशील कृषकों को भी आमंत्रित किया गया है। इन प्रगतिशील कृषकों को 2-2 लाख रुपए की राशि एवं प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। कृषकों का चयन शीघ्र कर पूरी जानकारी भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
वर्ष 2016-17 में प्रदेश में कुल कृषि उत्पादन खरीफ एवं रबी में 541 लाख टन हुआ था इसमें केवल गेहूं का उत्पादन 219 लाख टन था।
इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।
स्रोत - Krishak Jagat