अब तक रबी बोनी 95 लाख हेक्टेयर के पार
प्रदेश में रबी फसलों का सामान्य क्षेत्र 107.74 लाख हेक्टेयर है। इस वर्ष 125.20 लाख हेक्टेयर में रबी फसलें लेने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें रबी की प्रमुख फसल गेहूं की बोनी अब तक 45.31 लाख हेक्टेयर में कर ली गई है। जबकि गत वर्ष अब तक गेहूं 39.21 लाख हेक्टेयर में बोया गया था। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक तापमान में गिरावट के कारण गेहूं की बोनी में तेजी आई है। वैसे भी गेहूं की बोनी 25 दिसम्बर तक की जा सकती है परन्तु इसके बाद बोनी करने पर उत्पादन प्रभावित होता है तथा उसमें कमी आती है। गत वर्ष 58 लाख हेक्टेयर में गेहूं बोया गया था इस वर्ष 65.40 लाख हेक्टेयर में गेहूं बुवाई का लक्ष्य रखा गया है।
राज्य में रबी की दूसरी प्रमुख फसल चने की बोनी अब तक 31.76 लाख हेक्टेयर में की गई है जबकि गत वर्ष इसकी बोनी अब तक 33.53 लाख हेक्टेयर में कर ली गई थी। राज्य में इस वर्ष 36.50 लाख हेक्टेयर में चना बोने का लक्ष्य रखा गया है। जबकि गत वर्ष चने की कुल बोनी 35.90 लाख हेक्टेयर में की गई थी।
प्रदेश में अन्य फसलों के तहत ज्वार 1.07 लाख हेक्टेयर में, मटर 2.33, मसूर 5.39, सरसों 7.72 लाख हेक्टेयर में एवं गन्ना 53 हजार हेक्टेयर में बोया गया है। इस प्रकार राज्य में अब तक कुल अनाज फसलें 46.38 लाख हेक्टेयर में, दलहनी फसलें 39.94 लाख हेक्टेयर में एवं तिलहनी फसलें 9.02 लाख हेक्टेयर में एवं गन्ना 53 हजार हेक्टेयर में बोया गया है।
Source: Krishak Jagat