केंद्र सरकार के कृषि बिल के विरोध में किसानों के समर्थन में उतरी कांग्रेस ने बरघाट तहसील मुख्यालय पर ऐतिहासिक ट्रैक्टर रैली निकाली। खुट से धारनाकला गांव तक 14 किलोमीटर की इस रैली में प्रारंभ में 100-120 ट्रैक्टर शामिल हुए लेकिन आगे चलते चलते इनकी संख्या 220 तक पहुंच गयी। तीन किलोमीटर लंबी इस रैली में किसानों के समर्थन में जमकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर जबरन कृषि सुधार कानून थोपने का आरोप लगाया।
इस दौरान भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सिवनी बालाघाट मुख्य मार्ग में आयोजित ट्रैक्टर रैली से कई जगह जाम की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान पुलिस ने कई जगह मार्ग को परिवर्तित भी किया गया। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक में स्थिति सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनको नमन किया।
बरघाट विधायक अर्जुनसिंह काकोड़िया के नेतृत्व में निकाली गई रैली मे बरघाट क्षेत्र के किसान व कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी। रैली मे विधायक द्वारा स्वयं ट्रैक्टर चलाकर उसकी अगुवाई की गई। खुट गांव से शुरू होकर बरघाट नगर से होती हूई जेवनारा, पौनार होते हुए धारनाकला में ग्राम पंचायत भवन के सामने रैली संपन्न हुई।
यहां पर तहसीलदार को किसानों के समर्थन में राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान बरघाट थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे भी मौजूद रहे। बरघाट विधायक अर्जुनसिंह काकोड़िया ने देश में चल रहे किसानों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन करते हुए किसान विरोधी रवैये के लिए एनडीए सरकार की निंदा की। इससे पहले बरघाट गांधी चौक में भी कार्यकर्ताओं और किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में वर्तमान किसान विरोध प्रदर्शन भाजपा की झूठ और फरेब की राजनीति है। यह किसान देश के 130 करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, लेकिन जब किसानों को भाजपा नेताओं द्वारा देशद्रोही करार दिया जाता है तो उन्हें बहुत पीड़ा होती है और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा किसानों पर की गई टिप्पणी को भी अपमानित किया जाता है। सरकार को इन विरोध प्रदर्शनों के लिए राष्ट्र विरोधी तत्वों को दोषी ठहराने के बजाय सहानुभूतिपूर्वक समाधान निकालना चाहिए और किसानों की शिकायतों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए। किसान अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं, और उनके विरोध को समाज के हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है। जो कृषि कानूनों को किसान समुदाय के हित में नहीं है, उन्हें वापस लेना होगा, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के पास उद्योगपतियों से मिलने का समय है, लेकिन किसानों से नहीं।
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार किसानों की आवाज को दबा नहीं सकती है। जब तक किसानों की मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के समर्थन में अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।
रैली मे जिला युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आंनद पंजवानी, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कविता कहार, जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, कुरई, बरघाट, गंगेरूआ ब्लाक, मंडलम, सेक्टर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पदाधिकारी, नगर कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रस के पदाधिकारियों सहित कांग्रेस कार्यकर्ता व किसान शामिल हुए।
इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।
स्रोत: Nai Dunia