सेब सीजन बढ़ने के साथ ही घटने लगे ढुलाई के लिए ट्रक

August 18 2021

हिमाचल में सेब सीजन में तेजी के साथ ही ढुलाई के लिए वाहनों की कमी होने लगी है। प्रदेश में बाहरी राज्यों की मंडियों में सेब ढुलाई को बड़े ट्रकोें की जरूरत रहती है। वर्तमान में करीब डेेढ़ सौ ट्रक सेब लेकर बाहरी राज्यों की मंडियों में ले जा रहे हैं। चालू सीजन में सेब की बंपर पैदावार होने का अनुमान लगाया गया है। अभी प्रदेश के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब तुड़ान का काम पूरा हो चुका है। अब प्रदेश के मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में सेब का तुड़ान चालू हो गया है। इस बैल्ट में सेब का उत्पादन अपेक्षाकृत ज्यादा होता है।

बताते हैं कि सेब सीजन में तेजी आने लगी है। सेब का तुड़ान तेजी से होने लगा है और अब बाहरी राज्यों से भी ट्रक सेब ढुलाई के लिए हिमाचल आने लगे हैं। सेब का तुड़ान होने के बाद मंडियों में कम समय में बेचना पड़ता है। अगर ऐसा न किया जाए तो सेब की फसल खराब तक हो सकती है। यही कारण है कि सेब कम से कम समय में मंडियों में बेचा जा सके, इसके लिए बाहरी राज्यों से ट्रक अधिक संख्या में जुटाने पड़ेंगे।

चालू सीजन में सेब उत्पादन चार करोड़ पेटी का अनुमान 

हिमाचल में चालू सीजन में चार करोड़ पेटी सेब के उत्पादन का अनुमान है। पिछले साल सेब की पैदावार कम होने से बाहरी ट्रकों की आवाजाही काफी रही। प्रदेश में पिछले साल करीब ढाई करोड़ पेटी सेब पैदा हुआ था। 

अभी तक 48 लाख पेटी सेब मंडियों में पहुंची 

राज्य के बागवानी निदेशक जेपी शर्मा ने कहा कि अभी तक  प्रदेश के विभिन्न हिस्सों सेसाढे़ 48 लाख पेटी सेब मंडियों में बेचा जा चुका है। किन्नौर और शिमला एपीएमसी अध्यक्ष नरेश शर्मा ने बताया कि अकेले पराला मंडी से हर रोज करीब 35 हजार पेटी सेब मंडियों में बेचा जा रहा है।  

छोटे वाहनों में सेब अनलोडिंग में लग रहे कई घंटे 

हिमाचल प्रदेश सब्जी एवं फल उत्पादक संघ के अध्यक्ष हरीश चौहान कहते हैं कि सेब की ढुलाई कर रहे छोटे वाहनों को अनलोड करने में कई घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। अगर मंडियों में सेब ज्यादा आता है तो इससे परेशानी बढ़ेगी। परिवहन निदेशक अनुपम कश्यप ने कहा कि 30 सितंबर तक ट्रकों को केंद्र सरकार ने परमिट फीस में छूट दे रखी है। अगर सितंबर के बाद भी सेब ढुर्लाई के लिए ट्रकों की जरूरत रहेगी तो सरकार पड़ोसी राज्यों से ट्रक जुटाने की व्यवस्था भी करेगी।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Amar Ujala