चालू रबी मौसम में फसलों की बुवाई निर्धारित लक्ष्य से अधिक क्षेत्र में की गई है। राज्य में 139.74 लाख हेक्टेयर में बुवाई हुई है जो लक्ष्य 138.89 लाख हेक्टेयर से लगभग 85 हजार हेक्टेयर अधिक है। इस वर्ष दलहनी एवं तिलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने पर जोर दिया गया था जिस कारण परिणाम भी सकारात्मक मिलने की उम्मीद है क्योंकि दलहनी एवं तिलहनी फसलें लक्ष्य के विरुद्ध क्रमश: 121.5 एवं 160 प्रतिशत अधिक रकबे में बोयी गई है। गेहूं की बोनी 91.26 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है। इस प्रकार गेहूं की बोनी में लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 3 लाख हे. कम क्षेत्र में बोयी गई है।
कृषि विभाग के मुताबिक प्मध्य प्रदेश में रबी फसलों का सामान्य क्षेत्र 124 लाख 77 हजार हेक्टेयर है। गत वर्ष 135.33 लाख हेक्टेयर में बोनी की गई थी जबकि इस वर्ष 138.89 लाख हेक्टेयर में रबी फसलें लेने का लक्ष्य रखा गया था। जिसके विरुद्ध 139.74 लाख हेक्टेयर में फसलें बोई गयी। राज्य में चने की बोनी 25.06 लाख हेक्टेयर में हो गई है। अन्य फसलों में मटर 2.58 लाख हे. में, मसूर 6.23 लाख हे. में बोई गई है।
राज्य की प्रमुख तिलहनी फसल सरसों की बोनी लक्ष्य 8.63 लाख हे. के विरुद्ध 11.72 लाख हे. में हो गई है। वहीं अलसी की बोनी 1.02 लाख हेक्टेयर में हुई है।
इस वर्ष गन्ना 1.44 लाख हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 86 हजार हेक्टेयर में बोया गया है। प्रदेश में कुल अनाज फसलें 92.27 लाख हेक्टेयर में, दलहनी फसलें 33.87 लाख हे. में एवं तिलहनी फसलें 12.74 लाख हेक्टेयर में बोई गई हैं।
इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।
स्रोत: Krishak Jagat

                                
                                        
                                        
                                        
                                        
 
                            