सही दाम नहीं मिला, तो किसान ने खुद की लहसुन जलाई

December 22 2021

मंदसौर मंडी में एक किसान अपनी लहसुन बेचने आया, लेकिन यहां उसे अपनी लहसुन का सही दाम नहीं मिला तो नाराज किसान ने खुद की लहसुन में आग लगा दी। इससे मंडी में हड़कंप मच गया। यह तो अच्छा हुआ कि बिकने आई लहसुन के अन्य ढेरों में आग नहीं लगी। उसे जल रही लहसुन के पास से तुरंत हटाया। इस दौरान वहां मौजूद किसानों ने नारेबाजी भी की। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद मंडी निरीक्षक नाराज किसान को कार्यालय में ले गए।

उल्लेखनीय है कि मंदसौर मंडी में आज बेहतरीन किस्म की लहसुन 12500 रुपए प्रति क्विंटल बिकी। बलवन गांव के किसान श्री ओमप्रकाश धाकड़ की लहसुन की क्वालिटी हर मायने में बेहतर थी। सूखी, सफेद रंग, बड़ी गांठ, वजनदार और बढ़िया पर्दे वाली इस लहसुन का किसान ओमप्रकाश को सही दाम मिला। वैसे मंदसौर मंडी में लहसुन की किस्म के अनुसार किसानों को अलग-अलग दाम मिले। न्यूनतम 801 रु से लेकर 1010 ,1100,1153,1271,1560 ,2900 ,4753 और 5270 रुपए प्रति क्विंटल तक का दाम मिला।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Krishak Jagat