आज के समय में खेती किसानी के कार्यों में कृषि यंत्रों का महत्व काफी अधिक बढ़ गया है। कृषि यंत्रों की मदद से जहां किसान कम समय में अधिक काम कर सकते हैं वहीं इनके उपयोग से आमदनी में भी वृद्धि होती है। कृषि यंत्रों के महत्व को देखते हुए सरकार इनके उपयोग को प्रोत्साहन देने के लिए किसानों को अनुदान उपलब्ध कराती है। इस कड़ी में राजस्थान सरकार ने राज्य में “राजस्थान कृषि श्रमिक संबल मिशन” योजना की घोषणा कृषि बजट 2022-23 में की थी।
बजट घोषणा के अनुसार राज्य में वर्ष 2022–23 में 2 लाख श्रमिकों को हस्त चलित कृषि यंत्र खरीदने के लिए 5 हजार रूपये प्रति परिवार अनुदान दिये जाने की बात कही गई थी। इस हेतु सरकार ने अपने बजट में 100 करोड़ रूपये का प्रावधान भी किया है। 
राजस्थान कृषि श्रमिक संबल मिशन के अंतर्गत भूमिहीन कृषि श्रमिकों को हस्तचालित कृषि यंत्रों पर अधिकतम 5 हजार रुपए प्रति परिवार अनुदान दिया जाएगा। लाभार्थियों के चयन के लिए तीन सदस्य समिति गठित होगी। इसमें सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी एवं कृषि पर्यवेक्षक सदस्य होंगे। समिति द्वारा राज किसान साथी पोर्टल से भूमिहीन महिला कृषि श्रमिकों का चयन किया जाएगा।
योजना में लाभ हेतु प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच की अध्यक्षता में कमेटी होगी, जिसमें सरपंच अध्यक्ष, ग्राम विकास अधिकारी सदस्य तथा कृषि पर्यवेक्षक सदस्य सचिव होंगे। उप निदेशक कृषि (विस्तार) जिला परिषद द्वारा जिले के आवंटित लक्ष्यों को ग्राम पंचायतवार निर्धारित किया जाएगा। ग्राम पंचायतवार लक्ष्यों के अनुसार 1.5 गुना तक प्रतीक्षा सूची भी बनाई जायेगी, जिसे मुख्य सूची में से चयनित किसी श्रमिक द्वारा कार्यक्रम का लाभ नहीं लेने पर अमल में लाते हुए वरीयता क्रमवार लाभान्वित किया जाएगा।
इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।
स्रोत:Kisan Samadhan
 

                                
                                        
                                        
                                        
                                        
 
                            