मक्का खरीद के लिए खोले गए सरकारी केंद्रों पर नहीँ पहुंचे किसान, सस्ती कीमत से हैं नाराज

October 17 2019

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मक्का की खरीद सरकारी दर पर करने के लिए छह केंद्र खोले गए हैं, लेकिन पहले दिन एक भी केंद्र में बोहनी नहीं हो सकी। संचालक केंद्र खोल कर किसानों के आने की प्रतीक्षा करते रहे, लेकिन किसी की दुकान पर एक किसान भी नहीं आए। 

जिले में विपणन शाखा के छह केंद्र खोले गए हैं। इन केंद्रों पर मक्का की खरीद की जाएगी। मंगलवार को मंडी समिति में खोले गए मक्का खरीद केंद्र पर निरीक्षक प्रेम कुमार पूरे दिन किसानों का इंतजार करते रहे। सरकार की ओर से घोषित समर्थन मूल्य 1760 व खुले बाजार में मक्का के दाम 1950 रुपये होने पर पहले दिन सरकारी केंद्र पर कोई किसान नहीं पहुंचा। 

वहीं मंडी की आढ़तों पर मक्का की अच्छी-खासी खरीदी की गई।  विपणन शाखा के केंद्र निरीक्षक प्रेम कुमार ने बताया कि खुले बाजार से करीब 200 रुपये का अंतर होने से सरकारी केंद्रों पर सन्नाटा है। कोई किसान सरकारी खरीद केंद्र पर मक्का बेचना नहीं चाहता। शासन के आदेशों का पालन कर केंद्र खोल दिया है। 

उच्च अधिकारी आदेश देते हैं तो केंद्र को बंद कर दिया जाएगा। वहीं मक्का खरीद के आरएमओ सरवेंद्र सिंह का कहना है कि शासन के आदेशों का पालन किया जा रहा है। केंद्र मक्का खरीदने को तैयार है। यदि कोई किसान मक्का लाता है तो खरीद की जाएगी। शासन से यदि कोई और गाइड लाइन आती है तो उसके आधार पर ही काम किया जाएगा।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: अमर उजाला