मौसम में बदलाव जारी: तापमान बढ़ा, टूटा 17 साल का रिकॉर्ड, सबसे गर्म रहा रविवार का दिन

March 02 2021

लगातार बढ़ रहे तापमान ने 17 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रविवार का दिन इस सीजन में सबसे गर्म रहा। दिन का तापमान 31.7 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री ज्यादा चल रहा है, जो 17 साल में सबसे ज्यादा रहा। दो मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिस कारण से तीन मार्च से जम्मू, हिमाचल, उत्तराखंड में बारिश होने की संभावना है। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश मेें 3 से 5 मार्च तक तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट की संभावना है। वहीं, रविवार को एक्यूआई 195 दर्ज किया गया।

गेहूं की पछेती फसल पर खतरा

कृषि विवि के वैज्ञानिक डॉ. आरएस सेंगर के अनुसार एक सप्ताह से बढ़ रहा तापमान गेहूं की फसल के लिए सही नहीं है। सबसे ज्यादा पछेती गेहूं की फसल को नुकसान होगा। इस समय तापमान 25 डिग्री के आसपास होना चाहिए, लेकिन 31 के पार पहुंच रहा है, जिससे गेहूं के उत्पादन पर असर पड़ता है। पछेती गेहूं की बुवाई जनवरी तक की जाती है और फरवरी में ही तापमान 30 के पार पहुंच गया, जो चिंता का विषय है।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Amar Ujala