लाकडाउन के बाद खुली कृषि उपज मंडी, 17 सौ क्विंटल में बिका धान

May 28 2021

कोरोना से बचाव व सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंडी खुली। सीमित व्यापारी, किसान, हमाल, रेजा व कर्मचारियों को प्रवेश दिया गया। पहले दिन व्यापारियों ने किसानों के 250 कट्टा धान को 1650 से 1700 रुपये तक प्रति क्विंटल में खरीदा। मंडी में अच्छा दाम मिलने से किसानों के चेहरे खिल गए।

लाकडाउन के 48 दिनों बाद जिला कृषि उपज मंडी श्यामतराई कोरोना से बचाव व सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन के विभिन्ना शर्तों के साथ 27 मई को छह घंटों के लिए खुली। पहले दिन मंडी प्रशासन ने धान बेचने वाले सीमित किसान, व्यापारी, हमाल, रेजा व अन्य लोगों को प्रवेश दिया, ताकि लोग सुरक्षा के बीच धान की खरीदी व बिक्री कर सके। मंडी प्रभारी संजीव वाहिले ने बताया कि मंडी खुलने के पहले दिन शहर के व्यापारियों ने 250 कट्टा धान की खरीदी प्रति क्विंटल 1650 से 1700 रुपये तक की। मंडी में किसानों के धान को अच्छा दाम मिलने से किसानों के चेहरे खिल गए क्योंकि रबी सीजन के धान फसल की शुरू से अब तक सिर्फ 1350 से 1450 रुपये के भाव तक ही बिक रहा था। मंडी में धान के दाम पर उछाल आने से किसानों में काफी उत्साह है। अब धान बेचने के लिए किसान क्रम पर है। कृषि उपज मंडी प्रांगण श्यामतराई में विभिन्ना गांवों से पहुंचे किसानों का 22 हजार 300 क्विंटल धान स्टाक पर है, जिसकी बिक्री मंडी प्रशासन के माध्यम से धमतरी शहर के व्यापारियों द्वारा शीघ्र ही किया जाएगा।

कोचियों के प्रति आक्रोश

किसान रामअवतार साहू, घनश्याम राम, पुनारद राम, गजानंद साहू, प्रेमलाल का कहना है कि लाकडाउन व मंडी बंद होने का कोचियों ने जमकर फायदा उठाया है। पूरे सीजन में ज्यादातर किसानों के धान को सिर्फ 1350 से 1400 रुपये तक ही खरीदा। वहीं राइसमिलों में भी किसानों के धान को पर्याप्त दाम नहीं मिला, लेकिन मंडी खुलने के पहले ही दिन किसानों के धान को 1700 रुपये प्रति क्विंटल दाम मिलने से पहले से धान बेच चुके किसानों में काफी आक्रोश है। वे गांव में सक्रिय कोचियों को कोस रहे हैं। मंडी में धान के दाम में बढ़ोतरी होने से अब रबी सीजन के स्टाक धान को बेचने के लिए किसानों के मई माह के बाद भीड़ लगने की आशंका है। क्योंकि अधिकांश किसान मंडी बंद होने की वजह से अपने धान को स्टाक कर घरों में रखे हुए हैं, अब मंडी खुलने के बाद उसे बेचेंगे।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Nai Dunia