भोपाल में जल्‍द शुरू होगी मूंग की समर्थन मूल्‍य पर खरीदी

June 12 2021

अब भोपाल में भी किसानों से समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी की जाएगी। जल्द ही इस संदर्भ में आदेश जारी होंगे, इसके बाद तुलाई केंद्रों पर खरीदी शुरू हो जाएगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी के नेतृत्व में मिले शिष्टमंडल को प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने यह भरोसा दिलाया।

भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष केदारसिंह मंडलोई के नेतृत्व में किसान अपनी समस्या लेकर सबनानी के पास पहुंचे थे। सबनानी ने किसानों के साथ ही कृषि मंत्री के यहां पहुंचकर उनका पक्ष रखा। सबनानी ने बताया कि प्रदेश भर में मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू हो रही है, लेकिन भोपाल में खरीदी शुरू नहीं हो सकी थी। कृषि मंत्री से आग्रह किया गया कि किसानों की सुविधा को देखते भोपाल में मूंग की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाए। सबनानी के मुताबिक कृषि मंत्री कमल पटेल ने जल्द ही इस संबंध में आदेश जारी करने का भरोसा दिलाया। कृषि मंत्री से मिले शिष्टमंडल में सबनानी एवं मंडलोई के अलावा बृजेश मीणा, राज ठाकुर, चेतन भार्गव एवं अनिल हाड़ा आदि शामिल थे।

किसान खुश, कहा अब सुविधा होगी

कृषि मंत्री के आश्‍वासन के बाद किसानों ने प्रसन्‍नता व्यक्त की है। किसान बृजेश मीणा का कहना है कि इस बार अच्छी फसल हुई है। मूंग का समर्थन मूल्य 7196 रूपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। किसानों ने इस मांग को लेकर सांसद प्रज्ञासिंह ठाकुर से भी मुलाकात की थी। किसानों ने अपनी यह मांग माने जाने पर सांसद प्रज्ञा सिंह, कृषि मंत्री कमल पटेल एवं भाजपा के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी का आभार प्रकट किया है।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Nai Dunia