कृषि महाविद्यालय जगदलपुर को सर्वश्रेष्ठ केंद्र का अवार्ड

December 18 2019

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के जगदलपुर में संचालित कृषि कॉलेज एवं अनुसंधान केंद्र की अखिल भारतीय समन्वित काजू अनुसंधान परियोजना को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली ने बेस्ट सेंटर अवार्ड 2019 से नवाजा है। कृषि महाविद्यालय जगदलपुर को यह सम्मान उद्यानिकी विश्वविद्यालय बागलकोट (कर्नाटक) में आयोजित अखिल भारतीय समन्वित काजू अनुसंधान परियोजना के वार्षिक सम्मेलन में दिया गया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अतिरिक्त महानिदेशक (बागवानी) डॉ. डब्ल्यूएस ढिल्लन एवं काजू अनुसंधान परियोजना के निदेशक डॉ. रामजी नायक ने कृषि महाविद्यालय जगदलपुर में संचालित काजू अनुसंधान परियोजना के प्रमुख अनवेषक डॉ. विकास रामटेके को अवार्ड प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के इस अनुसंधान केंद्र ने काजू उत्पादक परंपरागत राज्यों जैसे कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश आदि को पछाड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। इंदिरा गांधी कृषि विवि के कुलपति डॉ. एसके पाटील ने परियोजना के वैज्ञानिकों को बधाई एवं शुभकामना दी है।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: नई दुनिया