फाजिल्का के ढाणी सद्दा सिंह में बाढ़ ने मचाई तबाही: 250 एकड़ फसल बर्बाद

September 11 2023

पंजाब के फाजिल्का स्थित सीमावर्ती गांव ढाणी सद्दा सिंह में भी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। यहां पर सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद होने के साथ साथ मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इतनी तबाही हो जाने के बाद भी दूसरे बाढ़ प्रभावित गांव की तरह यहां पर भी प्रभावित लोगों को मुआवजा मिलना तो दूर की बात अभी तक किसी ने यहां पर आकर कोई मुआयना तक ही नहीं किया। इसलिए यहां के लोगों ने सरकार और प्रशासन से हाथ जोड़कर उन्हें मुआवजा देने की मांग की है।

पूरे गांव में 187 के करीब घर

ग्रामीण शिंदर सिंह सरपंच पति ढाणी सद्दा सिंह, होशियार सिंह, शिंदो बाई और अन्य ने बताया कि उनके गांव के किसानों की करीब 250 एकड़ फसल बर्बाद हो गई है। इनमें से ज्यादातर किसानों ने दो-दो बाद धान की रोपाई करवाई थी। जिससे उन्हें दो बार नुकसान उठाना पड़ा है। इसके अलावा गांव में करीब 187 घर हैं। इन सभी मकानों, पशुओं के कैटल शेडों और शौचालयों को भारी नुकसान पहुंचा है।

50 से ज्यादा कच्चे पक्के मकानों को पहुंचा नुकसान

ग्रामीणों के मुताबिक उनके गांव में करीब 50 से भी ज्यादा कच्चे पक्के मकानों को नुकसान पहुंचा है। 15 के करीब गिर गए हैं। इसके अलावा कुछ कैटल शेडों को भी भारी नुकसान हुआ है। साथ ही ग्रामीणों के शौचालयों को भी नुकसान पहुंचा है। जिससे इन्हें भारी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।
स्रोत: दैनिक भास्कर