पहली बार इंदिरा गांधी कृषि विवि में पहुंचेंगे 40 कुलपति

December 09 2019

पहली बार इंदिरा गांधी कृषि विवि में एक साथ 40 कृषि विवि के कुलपति मौजूद रहेंगे। ये इंडियन एग्रीकल्चर युनिवर्सिटी एसोसिएशन (आइआएयूए)नई दिल्ली द्वारा आयोजित 44वें वाइस चांसलर वार्षिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। दो दिवसीय आयोजन 12 दिसंबर शुरू होगा।

विवि के सूत्रों के अनुसार आयोजन में प्रमुख तौर पर राज्यपाल उपस्थित रहेंगी। उन्हीं के हाथों कार्यक्रम का उद्घाटन होगा। दो सत्र में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे होगी और शाम 6.15 बजे तक चलेगा। सात सेशन में कृषि संबंधी कई विषयों पर व्याख्यान होगा। भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ 50 वर्षों से अधिक पुराना है। इसका गठन वर्ष 1967 में हुआ था। भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ विभिन्ना कृषि विवि के बीच विचार-विमर्श के केंद्र के रूप में कार्य करता है। यह सूचनाओं के आदान-प्रदान एवं संचार के संपर्क सूत्र के रूप में भी काम करता है।

डॉ. पाटील संघ के महासचिव

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके पाटील को भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ का महासचिव चुना गया है। गत दिनों भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ की बैठक में डॉ. पाटील को वर्ष 2019 के लिए गठित संघ की कार्यसमिति में महासचिव मनोनीत किया गया। डॉ. पाटील इसके पूर्व संघ के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

67 कृषि विश्वविद्यालय सदस्य

भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ में देश के 67 कृषि विश्वविद्यालय सदस्य हैं, जिनमें 58 प्रादेशिक कृषि विश्वविद्यालय, पांच राष्ट्रीय संस्थान और चार केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय शामिल हैं। यह संगठन देश के कृषि विश्वविद्यालयों में अनुसंधान, शिक्षा तथा विस्तार के क्षेत्र में विभिन्ना गतिविधियों को बढ़ावा देने का कार्य करता है।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: नई दुनिया