पशुपालन को आर्थिकी का जरिया बनाएं ग्रामीण: नेगी

March 14 2020

नेशनल लाइव स्टॉक मिशन योजना के अंतर्गत पशुपालन विभाग की ओर से छरबा गांव में पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों को उत्तम नस्ल व स्वस्थ पशुओं के रखरखाव के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही, आर्थिक मजबूती के लिए पशुपालन को व्यवसाय के रूप में अपनाने को प्रेरित किया गया।

शुक्रवार सुबह छरबा गांव स्थित गौधाम में आयोजित पशु प्रदर्शनी का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सहसपुर सीमा नेगी ने किया। उन्होंने मौजूद ग्रामीणों और पशुपालकों को संबोधित करते हुए कहा कि पशु किसान के लिए जीवन का आधार होने के साथ ही परिवार का अंग भी हैं। पशुओं से खेती में सहायता मिलने के साथ ही काश्तकार उनसे आर्थिक संसाधनों में वृद्धि भी कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से पशुपालन को आर्थिकी का जरिया बनाने की अपील भी की। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एसबी पांडेय ने पशुपालकों को विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, पशु चिकित्साधिकारी सहसपुर डॉ. हरेंद्र शर्मा ने पशुओं में होने वाली खुरपका, मुंहपका, गलघोंटू सहित अन्य बीमारियों के लक्षण व उपाय की जानकारी पशुपालकों को दी। प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ सुमन जायसवाल की गाय, गुड्डी देवी की भैंस, रविंद्र सिंह की बछिया औश्र महेन्द्र सिंह की बैल जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मुख्य अतिथि और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पुरस्कृत कर सम्मानित किया। इस मौके पर डॉ. दिव्या नेगी, पूर्व प्रधान रूमीराम जयसवाल, राकेश नेगी, बलजीत सिंह, विरेन्द्र बहुगुणा आदि मौजूद रहे।


इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: लाइव हिंदुस्तान