कृषि-क्षेत्र में नवाचार की गुंजाइश अधिक, किसानों को मिलेगा लाभ

May 10 2019

न्यू सर्किट हाउस के सभागार में रबी कार्यक्रम के साथ-साथ आगामी खरीफ फसल की तैयारियों को लेकर समीक्षा की। बैठक कृषि एवं उत्पादन आयुक्त केडीपी राव ने ली, जिन्होंने दलहन और तिलहन सहित फसलों के विविधीकरण, उद्यानिकी, पशु संवर्धन और मछलीपालन पर जोर देने की बात कही। उन्होंने किसानों के लिए बाजार की उपलब्धता बढ़ाए जाने और मार्केट लिंकेज किए जाने की जरूरत बताई, जिससे किसानों को उनकी फसल के अच्छे दाम मिल सके। आगामी खरीफ मौसम में किसानों की मांग के अनुरूप प्रदेश के किसानों को उत्तम किस्म के रासायनिक खाद एवं प्रमाणित बीज समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में नवाचार की गुंजाइश सबसे अधिक है और जो प्रगतिशील किसान नवाचार अपनाते हैं, उन्हें इसका लाभ मिलता है।

योजनाओं का हो मॉनिटरिंग

कृषि उत्पादन आयुक्त ने किसान सहायता केंद्र किसानों को अधिक उपयोगी बनाने पर जोर दिया और इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा गौठानों के विकास करने, जल संसाधन एवं पशु संसाधन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी तरह जैविक खेती पर भी बल दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को किसानों की आय बढ़ाने के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप पूरे प्रयास एवं कार्य करने के निर्देश दिए।

नस्ल संवर्धन पर हो जोर

उन्होंने कहा कि किसानों की तरक्की कृषि में बेहतर तकनीक के इस्तेमाल के साथ-साथ कृषि के महत्वपूर्ण अंग पशुपालन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी फसलें आदि को एक साथ समग्र रूप से अपनाने से होगी। उन्होंने पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए नस्ल संवर्धन पर जोर दिया। जल संरक्षण पर बल देते हुए मत्स्यपालन को भी प्राथमिकता में शामिल करने को कहा। बैठक में जल संसाधन विभाग के सचिव सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: नई दुनिया