कृषि उत्पाद, प्रोसेस्ड फूड के निर्यात ने पकड़ी रफ्तार

April 22 2019

वित्त वर्ष 2018-19 के पहले 11 महीनों में कृषि उत्पाद और प्रोसेस्ड फूड का निर्यात बढ़ा है। इससे किसानों को उनकी लागत का डेढ़ गुना मूल्य दिलवाने के प्रयास को आगामी वर्षों में सफलता मिलने के आसार बढ़ गए हैं।

भारत से इन वस्तुओं का निर्यात बढ़ने की बड़ी वजह इनकी गुणवत्ता प्रतिस्पर्धी निर्यातकों के मुकाबले बेहतर होना है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार भारत से कृषि उत्पाद और प्रोसेस्ड फूड का निर्यात बढ़ने के अलावा पिछले एक दशक में यूरोप समेत लगभग सभी देशों से खराब माल की शिकायत न के बराबर रही है। इस लिहाज से आगामी वर्षों में इन चीजों का निर्यात तेजी से बढ़ने के आसार हैं।

वित्त वर्ष 2018-19 के पहले 11 महीनों, अप्रैल 2018 से लेकर फरवरी 2019 के दौरान मूल्य के हिसाब से कृषि उत्पादों का कुल निर्यात बढ़कर 2.40 लाख करोड़ रुपए से कुछ ज्यादा का रहा, जबकि वित्त वर्ष 2017-18 की पूरी अवधि में कृषि उत्पादों का निर्यात 2.46 लाख करोड़ रुपए से कुछ अधिक का रहा था।

2018-19 के 11 महीनों के आंकड़े के हिसाब से हर माह लगभग 21,800 करोड़ रुपए का निर्यात हुआ। इस हिसाब से पूरे वित्त वर्ष के दौरान कुल निर्यात 2.61 लाख करोड़ रुपए से कुछ ही कम का रह जाएगा।

प्रमुख वस्तुओं का निर्यात

2018-19 के 11 माह में

वस्तु मात्रा (टन में) मूल्य (करोड़ रुपए में)

  • मरीन उत्पाद 13,14,066 43,947.04
  • बासमती 38,55,135 28,598.91
  • बफैलो मीट 11,16,363 22,924.50
  • मसाले 9,52,074 20,406.71

वित्त वर्ष 2017-18 में

वस्तु मात्रा (टन में) मूल्य (करोड़ रुपए में)

  • मरीन उत्पाद 14,30,226.83 47,634.57
  • बासमती चावल 40,51,896 26,841.19
  • बफैलो मीट 13,48,225 25,988.45
  • मसाले 10,81,335 20,013.68

अन्य चीजों का निर्यात

वस्तु 2018-19 के 11 माह 2017-18

  • केस्टर ऑयल 5,584.73 6,730
  • चाय 5,310.74 5,396.39
  • ताजा सब्जियां 4,814.56 4,997.49

(सभी आंकड़े करोड़ रुपए में)

खली, शकर का निर्यात ज्यादा

बीते वित्त वर्ष के पहले 11 महीनों में सभी तरह की खली का निर्यात 38,98,666 टन और 9,061.94 करोड़ रुपए का रहा, जबकि वित्त वर्ष 2017-18 की पूरी अवधि में खली का कुल निर्यात 35,26,526 टन और 6,968.90 करोड़ रुपए का रहा था।

इस दौरान शकर निर्यात भी 32,68,074 टन और 7,892.50 करोड़ रुपए का रहा। इसके मुकाबले 2017-18 के दौरान 5,228.73 करोड़ रुपए की 17,58,036 टन शकर का निर्यात हुआ था।


इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: नई दुनिया