हिमाचल के चार जिलों में 11 करोड़ से विकसित होंगे मॉडल कृषि फार्म

April 27 2021

हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में मॉडल कृषि फार्म विकसित होंगे। प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में मटर के उन्नत किस्म के बीज का फार्म विकसित किया जा रहा है, ताकि वहां के हजारों किसानों को मटर की पैदावार करने में मदद की जा सके। केंद्र सरकार के पास करीब 11 करोड़ का प्रोजेक्ट तैयार करके मंजूरी को भेजा गया है, ताकि प्रदेश में किसानों को आधुनिक फार्म में आधुनिक कृषि तकनीक देने के साथ नवीन कृषि जानकारी प्रदान की जा सके।

इसमें केंद्र और राज्य की वित्तीय हिस्सेदारी 90:10 फीसदी की होगी। प्रदेश के चार कृषि फार्म को आधुनिक किया जा रहा है, ताकि हिमाचल के किसानों को जागरूक करके उनकी आय दोगुनी की जा सके। प्रदेश में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक देकर कृषि फसलों की पैदावार बढ़ाने के लिए चार कृषि फार्मों को पहले चरण में आधुनिक किया जाना है। 

ऊना जिले के कृषि फार्म में किसानों के लिए आलू बीज उत्पादन के लिए आधुनिक फार्म तैयार करेंगे। यहां से प्रदेश के आलू उत्पादकों को पैदावार की नवीन तकनीक बताई जाएगी। सोलन जिले में सब्जियों के बीज की पैदावार के लिए आधुनिक फार्म विकसित किया जाना है, जबकि कांगड़ा जिले के बैजनाथ में उन्नत गेहूं बीज का उत्पादन होगा, ताकि किसान गेहूं की पैदावार बढ़ा सकें। 

प्रदेश में कुल 36 कृषि फार्म

राज्य में कृषि विभाग के कुल 36 फार्म सक्रिय हैं। इनमें से दस फार्म प्राकृतिक खेती के विस्तार के लिए दिए गए हैं। शेष में से चार फार्म आधुनिक बनाए जा रहे हैं।

प्रदेश के चार जिलों में कृषि फार्म को आधुनिक बनाया जा रहा है। इसके लिए 11 करोड़ का प्रोजेक्ट केंद्र  के पास मंजूरी के लिए भेज दिया है। प्रोजेक्ट में केंद्र और राज्य की वित्तीय भागीदारी 90:10 फीसदी की रहेगी।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: amarujala