हिमाचल के तीन दिन में केंद्रों में बिका महज 6477 क्विंटल धान

October 20 2021

हिमाचल प्रदेश में बीते तीन दिनों में हिमाचल में 107 किसानों से महज 6477 क्विंटल धान की खरीद हुई है। 10 मंडियों में धान की खरीद हो रही है। सरकार की ओर से प्रतिदिन 25 स्लॉट बुक किए जा रहे हैं। ऐसे में 750 किसानों से धान की खरीद होनी चाहिए थी। हिमाचल प्रदेश में बीते दो दिन से बारिश हो रही है। धान खरीद मंडियों के रखरखाव की उचित व्यवस्था और कई जगह शेड न होने से किसानों का धान बारिश में भीग रहा है। ऑनलाइन पंजीकरण के बावजूद मंडियों में किसानों को इंतजार करना पड़ रहा है। नालागढ़ में तो एक माह बाद धान खरीद की तारीख मिल रही है। प्रदेश सरकार और फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया किसानों से खरीद कर रहा है। कृषि विभाग के पोर्टल पर प्रदेश के 7 हजार से ज्यादा किसानों ने धान बेचने के लिए आवेदन किया है।

बारी बारी करके किसानों को धान लाने के लिए कहा जा रहा है। शनिवार से खाद्य आपूर्ति विभाग और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ऑनलाइन किसानों के खाते मेें पैसे भेजना शुरू कर देगा। कृषि विभाग ने खाद्य आपूर्ति विभाग को 54 हजार मीट्रिक टन धान की स्टोरेज क्षमता करने के लिए कहा है। खरीद इससे ज्यादा ही होगी। हिमाचल में पांवटा, कालाअंब, हरिपुर, नालागढ़, रियाली (फतेहपुर), अनाज मंडी फतेहपुर, त्योड़ा (इंदौरा), ऊना, टकराला और टाहलीवाल मंडियों में धान की खरीद की जा रही है। कोरोना के चलते मंडियों में भीड़ न हो, इसके चलते सरकार ने प्रतिदिन 25 स्लॉट बुक करने का फैसला लिया है।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Amar Ujala