बिहार सरकार 202 कृषि क्लिनिक खोलने के लिए देगी अनुदान

December 21 2023

किसानों को खेती-बाड़ी के कामों में विभिन्न सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए बिहार सरकार राज्य के 202 प्रखंडों में कृषि क्लिनिक खोलने जा रही है। इसके लिए सरकार ने “कृषि क्लिनिक योजना” के कार्यान्वयन हेतु वित्तीय वर्ष 2023–24 में 424.00 लाख रूपये की स्वीकृति दे दी है। 

बिहार सरकार राज्य में किसानों को प्रखंड स्तर पर “कृषि क्लिनिक” के माध्यम से कृषि की सभी क्रियाओं की समस्त सुविधाएँ एक छत के नीचे उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि क्लिनिक योजना की शुरुआत करने जा रही है। इससे राज्य में न केवल किसानों को अपने आसपास सुविधा मिलेगी बल्कि रोजगार का सृजन भी होगा। सरकार योजना के तहत लाभार्थी व्यक्तियों को अनुदान भी देगी।

101 अनुमंडलों में खोले जाएँगे कृषि क्लिनिक  

योजना के तहत राज्य के सभी 101 अनुमंडलों में कृषि क्लिनिक खोले जाएँगे। जिसमें प्रत्येक अनुमंडल के 2 प्रखंडों में कृषि क्लिनिक की स्थापना की जाएगी यानि की कुल 202 प्रखंडों में कृषि क्लिनिक खोले जाएँगे। इसके अंर्तगत एक अनुमंडल के प्रखंड मुख्यालय में तथा दूसरा किसी भी चयनित प्रखंड मुख्यालय में स्थापना की जाएगी। सरकार इसके लिए लाभार्थी व्यक्तियों को अनुदान भी देगी।

क्या है कृषि क्लिनिक योजना 

इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को फसल उत्पादन संबंधित सभी सेवाएँ जैसे मिट्टी जांच की सुविधा, बीज विश्लेषण की सुविधा, कीट/व्याधि प्रबन्धन संबंधित सुझाव, पौधा संरक्षण संबंधित छिड़काव – भुरकाव हेतु आवश्यक उपकरणों एवं तकनीकी विस्तार सेवा का स्थानीय स्तर पर उपलब्धता सुनिश्चित कराया जाना है। इस योजना के क्रियान्वयन से राज्य में फसलों के उत्पादन, उत्पादकता एवं उत्पाद की गुणवत्ता में वृद्धि होगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है। 
स्रोत: किसान समाधान