जम्मू का दूध अब बिकेगा दुबई में, विदेशी नस्ल के पशु लाने की कवायद शुरू

December 20 2021

अब दुबई के साथ अन्य देशों में भी जम्मू से दूध का निर्यात किया जाएगा। इसके लिए कारगो सेवाएं ली जाएंगी। प्रशासन ने प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ विदेशी नस्लों के पशु लाने की कवायद शुरू की है। पशुपालकों को विदेशी नस्लों के पशु मुहैया करवाए जाएंगे और दूध उत्पादन बढ़ाया जाएगा।

अधिकतर जिलों में दुग्ध प्लांट लगाए जाएंगे। यहां पर दूध एकत्रित कर इसकी आपूर्ति की जाएगी। मौजूदा समय में पशुपालक स्थानीय स्तर पर ही दूध बेच रहे हैं। पशुपालकों ने डेयरी में गाय और भैंसें रखी हैं। अब विदेशी नस्ल की गाय और भैंसें भी पशुपालकों को मुहैया करवाई जाएंगी। दुधारू नस्ल के पशुओं की सहायता से प्रदेश में दूध उत्पादन को बढ़ाया मिलेगा।

स्थानीय बाजारों में पशुपालकों को दूध 30 से 40 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचना पड़ता है। इसके बाद दुकानदार अपना मुनाफा निकालकर आगे दूध बेच रहे हैं। वहीं, विदेशों में दूध बेचने पर आय में भी इजाफा होगा। यानी प्रति लीटर दूध 100 रुपये के आसपास बिकेगा। पनीर भी तैयार कर सप्लाई किया जाएगा। पशुपालन पशुपालकों की आय में इजाफा करने के उद्देश्य से भी जम्मू मिल्क ब्रांड को बढ़ावा दिया जाएगा।

जम्मू मिल्क ब्रांड अब विदेशों में भेजा जाएगा। इस पर काम शुरू कर दिया है। पहले प्रोडक्शन को बढ़ाया जाएगा। इसके बाद प्लांट लगाए जाएंगे और दूध के अलावा दही, पनीर भी सप्लाई किया जाएगा। इससे किसानों की आय में इजाफा होगा। - जावेद कटोच, डिप्टी डायरेक्टर पशुपालन विभाग, जम्मू संभाग

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Amar Ujala