खेती किसानी के अलावा उद्यानिकी और पशुधन कार्यक्रमों की जानकारी लेंगे कृषि मंत्री चौबे

September 25 2021

कृषि मंत्री रविंद्र चौबे 29 सितंबर को एक दिवसीय प्रवास पर बिलासपुर आएंगे। इस दौरान कृषि, उद्यानिकी, पशुधन व मछली पालन की विभागीय गतिविधियों की जिला स्तरीय समीक्षा करेंगे। मंत्री के प्रवास व समीक्षा की जानकारी जिला प्रशासन को मिल गई है। कलेक्टर कार्यालय से कृषि व उद्यानिकी विभाग के अफसरों को समीक्षा बैठक की तैयारी करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

कलेक्टोरेट परिसर स्थित मंथन सभाकक्ष में बुधवार को गहमा गहमी का माहौल रहेगा। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी प्रमाणिक धान के खराब बीज के अलावा खाद की कालाबाजारी को लेकर शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। यूरिया की जिले में जमकर कालाबाजारी हो रही है। किसानों को समय पर खाद ना मिल पाने के कारण परेशानियों का सामना भी करना पड़ा है। इन्हीं प्रमुख मुद्दों को लेकर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी मंत्री से मिलकर अपनी बात रखेंगे।

इन विषयों पर मंत्री करेंगे विभागीय अफसरों से चर्चा बैठक में खरीफ 2021 में फसल की स्थिति, उर्वरक गुण नियंत्रण एवं खाद की कालीबाजारी के विस्र्द्ध कार्रवाई, गोधन न्याय योजना में वर्मी कंपोस्ट उत्पादन एवं विक्रय की स्थिति, धान के बदले अन्य फसल कार्यक्रम की प्रगति, मेंड़ों पर अरहर उत्पादन के विशेष कार्यक्रम की समीक्षा, राजीव गांधी किसान न्याय योजना में पंजीयन एवं सत्यापन, एकीकृत जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन कार्यक्रम के लंबित कार्यों की समीक्षा, रबी 2021-22 का प्रस्तावित कार्यक्रम, रबी में सरसों, रामतिल, मिलेट्स, चना, मक्का एवं अन्य बीजों के वितरण का कार्यक्रम एवं रबी बीजों की उपलब्धता की जानकारी और कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मछली पालन विभाग के प्रमुख विभागीय फ्लेगशिप योजनाओं की समीक्षा करेंगे।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Nai Dunia