मैक्सिको का सुपरफूड चिया उगाने की तैयारी, कीमत होगी इतनी

March 30 2018

जयपुर। राजस्थान के रेगिस्तान में सरकार मैक्सिको का सुपरफूड चिया उगाने की तैयारी कर रही है। इसकी कीमत एक लाख रूपए प्रति क्विंटल तक होगी। जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय में इसका बीज तैयार किया जा रहा है और एक बीघा में प्रायोगिक तौर पर इसकी खेती की जा रही है।

राजस्थान के कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने बताया कि, किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के तहत इस तरह के नए काम किए जा रहे है। इसके तहत ऐसी फसलें उगाई जाएंगी, जिससे कम कीमत लगाकर अच्छी कमाई की जा सके। इसमें अब तक सरकार ड्रेगन फ्रूट, जैतून, केसर आदि की खेती का प्रयास कर चुकी है।

अब मैक्सिको में उगने वाले सुपर फूड चिया की खेती करने की तैयारी की जा रही है। एक लाख रूपए प्रति क्विंटल बिकने वाले इस सुपर फूड चिया के बीज तैयार करने का काम टोंक के देवड़ावास और जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय में चल रहा है। 2018 के अन्त या फिर 2019 के शुरुआत तक चिया के बीज किसान के खेत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल राजस्थान में टोंक और जोधपुर विश्वविद्यालय के 1 बीघा क्षेत्रफल में प्रायोगिक तौर पर इसकी खेती की जा रही है। इसके साथ ही सुपर फूड बापची की भी खेती प्रायोगिक तौर पर की जा रही है।

सैनी ने बताया कि, चिया स्वास्थ्य के लिहाज से बहुत ही फायदेमंद है। इसमें ओमेगा-3 पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद गुणकारी है। इसके अलावा इसमें प्रोटीन की मात्रा भी काफी अधिक होती है। चिया हृदय रोगियों के लिए बहुत ही गुणकारी है। साथ ही इसके सेवन से मोटापा भी कम होता है। इससे कैंसर जैसी घातक बीमारी को भी नियंत्रित किया जा सकता है। यह शरीर के तापमान को भी नियंत्रित करता है।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह कहानी अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है|

Source: Nai Dunia