बर्फबारी से किन्नौर और लाहौल-स्पीति में सेब की फसल को हुए नुकसान की रिपोर्ट तलब

October 21 2021

राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर और लाहौल-स्पीति में सेब की फसल को हुए नुकसान की रिपोर्ट तलब की है। पिछले दिनों हुई सीजन की पहली बर्फबारी से दोनों जिलों के सेब बागवानों को करोड़ों का नुकसान हुआ है। सरकार ने बागवानी विभाग के अधिकारियों से फील्ड से हफ्ते में विस्तृत रिपोर्ट भेजने के आदेश जारी किए हैं। बता दें, किन्नौर जिले में दो दिन की बर्फबारी से रक्षम, खरोगला, बटसेरी, थेमगारंग, पानपो, सांगला, कामरू, ठंगी, कानम, लाबरंग, नेसंग, पूह रिजींग कंडा, रोपावैली, ज्ञाबुंग, हांगो और चुलिंग सहित अधिकांश ऊंचे क्षेत्रों में सेब सहित नकदी फसलों को करोड़ों का नुकसान हुआ है।

बागवानों की जहां सेब की फसल तबाह हुई है, वहीं कई स्थानों पर सेब के पेड़ क्षतिग्रस्त हुए हैं। बर्फबारी के चलते सेब तुड़ान का कार्य भी प्रभावित हुआ है। 16 लाख 49 हजार सेब की पेटियां ही देश की विभिन्न मंडियों तक पहुंच पाई हैं, जिले से अभी भी करीब 10 लाख पेटियां सेब मंडियों में भेजा जाना है। अभी किन्नौर जिले में सेब की फसल बची हुई है। इसी तरह से लाहौल स्पीति में भी सेब बागवानों को नुकसान हुआ है और सेब के पेड़ भी टूटे हैं।

नुकसान की मांगी है रिपोर्ट

राज्य के बागवानी और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा है कि जनजातीय जिला किन्नौर और लाहौल स्पीति में बर्फबारी से सेब की फसल और पेड़ों को नुकसान होने की सूचना है। फील्ड से बागवानी विभाग के अधिकारियों से हफ्ते के भीतर रिपोर्ट तलब की है।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Amar Ujala