मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले में शुरू होगा कृषि पर्यटन, गांवों में पहुंचेंगे पर्यटक, बैलगाड़ी चलाएंगे, खेतों पर काम करेंगे

July 15 2021

पशुपतिनाथ महादेव मंदिर और अफीम उत्पादन के लिए देशभर में पहचाना जाने वाला मध्य प्रदेश का जिला मंदसौर अब पर्यटन के क्षेत्र में नवाचार करते हुए कृषि पर्यटन शुरू करने जा रहा है। पर्यटन स्थलों की तरह ही गांवों और खेतों के बीच रिसोर्ट की तर्ज पर फार्म स्टे होम बनाए जाएंगे जहां रहकर पर्यटक गांव और वहां की जीवनशैली को नजदीक से देख पाएंगे। कृषि पर्यटन के तहत पर्यटकों को खेत, गांव की संपत्ति, परंपराएं, पुरा महत्व के स्थान, मंदिर, स्थानीय संगीत, वेशभूषा, उत्सव, शादियां आदि दिखाए जाएंगे। पर्यटक कृषकों के साथ मिलकर खेती के कार्य करने के अलावा दूध दुहने, दूध से बनने वाले उत्पाद बनाने जैसे कार्य भी कर सकेंगे।

मंदसौर में प्रशासन ने कृषि को पर्यटन से जोड़ने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इसका उद्देश्य पर्यटकों के साथ-साथ युवाओं को कृषि और ग्रामीण परिवेश से जोड़ा जाए। लोग गांवों में आएंगे तो ग्रामीणों को रोजगार मिलेगा। गांव में ही कई तरह के व्यवसाय शुरू हो पाएंगे।

यह कर सकेंगे पर्यटक

खेतों में हल चलाना, सिंचाई सहित अन्य कृषि कार्य में सहभागिता, बैलगाड़ी की सवारी, घुड़सवारी, दूध निकालना, पनीर बनाना, भोजन बनाना, स्थानीय गीत-संगीत में भाग लेना, तरह-तरह के पक्षी देखना।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Nai Dunia