कृषि विश्वविद्यालय की विकसित विभिन्न फसलों की 12 नवीन किस्मों को भारत सरकार ने दी मंजूरी

February 08 2021

भारत सरकार की केंद्रीय बीज उपसमिति ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा विकसित विभिन्न फसलों की 12 नवीन किस्मों को व्यावसायिक खेती एवं गुणवत्ता बीज उत्पादन के लिए अधिसूचित किया है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उप महानिदेशक फसल विज्ञान की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय बीज उपसमिति की बैठक में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में विकसित चावल की तीन, गेहूं की दो, चने की एक, सोयाबीन की तीन, कुसुम की एक और अलसी की दो नवीन किस्मों को छत्तीसगढ़ तथा देश के अन्य राज्यों में व्यावसायिक खेती एवं गुणवत्ता बीज उत्पादन के लिए अधिसूचित किया है।

आगामी वर्षों में विश्वविद्यालय द्वारा विकसित इन सभी नवीन किस्मों को व्यावसायिक खेती तथा गुणवत्ता बीजोत्पादन कार्यक्रम में लिया जाएगा। केंद्रीय बीज उपसमिति ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में विकसित जिन नवीन फसल किस्मों को अधिसूचित किया है, उनमें धान की तीन नवीन किस्मों - विक्रम टीसीआर (विक्रम ट्राॅम्बे छत्तीसगढ़ चावल), सीजी जवांफूल ट्राॅम्बे (आरटीआर-31), सीजी बरानी धान-2 (आरआरएफ-105) को छत्तीसगढ़ राज्य के लिए अधिसूचित किया गया है।

गेहूं की नवीन किस्म - सीजी 1029 (कनिष्क) को छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान के (कोटा और उदयपुर संभाग) और उत्तर प्रदेश के (झांसी संभाग) और छत्तीसगढ़ हंसा गेहू (सी.जी.-1023) को छत्तीसगढ़ राज्य लिए अधिसूचित किया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा विकसित चने की नवीन किस्म - आरजी 2015-08 (सीजी लोचन चना) को छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश राज्यों के लिए अधिसूचित किया गया है।

इसी प्रकार सोयाबीन की नवीन किस्म - आरएससी 11-07 को पूर्वी क्षेत्र (पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखण्ड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ तथा दक्षिणी क्षेत्र (दक्षिण महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आन्ध्रप्रदेश और तमिलनाडु) राज्यों के लिए अधिसूचित किया गया है। सोयाबीन की किस्म आरएससी 10-46 को पूर्वी क्षेत्र (पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखण्ड, ओड़िशा और छत्तीसगढ़) तथा मध्य क्षेत्र (मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश के बुंदेलखण्ड क्षेत्र, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ) क्षेत्र के लिए अधिसूचित किया गया है।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Nai Dunia