देश में प्राकृतिक खेती का मॉडल तैयार करेंगे ICAR और कृषि संस्थान

September 16 2022

देश में आईसीएआर (इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च) और कृषि संस्थानों के माध्यम से प्राकृतिक खेती का रोल मॉडल तैयार किया जाएगा। तीसरी से उच्च कक्षा तक प्राकृतिक खेती पर पाठयक्रम तैयार होगा। इस खेती का आधार और मुख्य शोध केंद्र गुरुकुल कुरुक्षेत्र रहेगा। यह खुलासा केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने किया। साथ ही कहा कि प्राकृतिक खेती को अपनाने और शोध के लिए देश के 425 कृषि विज्ञान केंद्रों व 20 बड़े कृषि संस्थानों की 25 फीसदी भूमि पर प्रयोग किया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में तीसरी से पीएचडी तक प्राकृतिक खेती पर पाठ्यक्रम तैयार करने के लिए कमेटी का भी गठन कर दिया है।
इस कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद प्राकृतिक खेती विषय को पाठ्यक्रम में शामिल कर लिया जाएगा। उक्त कमेटी गुरुकुल में फील्ड में रहकर इस पाठयक्रम को तैयार करने की तरफ बढ़ेगी। गुजरात के राज्यपाल डॉ. देवव्रत की अगुवाई में 10 सदस्यीय टीम ने उच्चतर कक्षाओं के लिए पाठयक्रम तैयार भी किया है।