किसानों के लिए ‘फीकी’ होने लगी मिठास, चार हजार किसानों ने छोड़ी गन्ने की खेती

February 16 2021

समय से भुगतान न होने से किसानों का गन्ने की खेती से मोह भंग होने लगा है। यही वजह है कि जिले में पिछली वर्ष की अपेक्षा करीब चार हजार किसानों ने गन्ने की खेती करना छोड़ दिया है। स्थिति यही रही तो यही रही तो गन्ने की खेती छोड़ने वाले किसानों की संख्या में और इजाफा देखने को मिल सकता है। इस बार एक हजार हेक्टेयर गन्ना की फसल कम हुई है।

समय समय पर प्रदेश सरकार ने किसानों के भुगतान के लिए घोषणा तो जरूर की। लेकिन उसका असर कुछ न हुआ। चीनी मिलें अपने हिसाब से काम कर रही हैं। जिले में दो चीनी मिले हैं। इसमेें दि किसान सहकारी चीनी मिल लिमिटेड शेखूपुर में तो दूसरी यदु शुगर मिल बिसौली के गांव सुजानपुर में है। सहकारी होने की वजह से शेखूपुर चीनी मिल से किसानों को समय से भुगतान होता रहता है।

किन यदु शुगर मिल की स्थिति खराब है। इस मिल पर पिछले वर्ष का ही 27 करोड़ 34 लाख रुपये बकाया चल रहा है, जबकि मौजूदा सत्र का 44 करोड़ रुपये और बकाया हो चुका है। ऐसे में किसानों को समय से अपनी उपज की धनराशि नहीं मिल पा रही है। इससे उन्हें अर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जनपद के किसानों का गन्ने की खेती से मोह भंग होने लगा है। 

वर्ष 2019-20 में जनपद में 26 हजार 524 गन्ना किसान हुआ करते थे। उस समय 19 हजार 623 हेक्टेयर में गन्ने की फसल की जा रही थी, लेकिन समय से किसानों को अपनी फसल की धनराशि नहीं मिलने के कारण वर्ष 2020-21 में जनपद में 22 हजार 173 किसानों ने गन्ने की खेती की। ऐसे में इस साल 4351 किसानों ने गन्ने की खेती छोड़ दी। पिछले वर्ष जनपद में गन्ना 19623 हेक्टेयर में हो रहा था, जो घटकर 18326 हेक्टेयर ही रह गया है। 

बकाये को लेकर कई बार धरना प्रदर्शन कर चुके हैं किसान 

यदु शुगर मिल पर बकाया धनराशि को दिलाने की मांग को लेकर गन्ना किसान कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं। यहां तक कि उन्होंने रोड तक जाम किया था और जिला प्रशासन से लेकर शासन तक से धनराशि दिलाने की मांग की थी। उसके बाद शासन के निर्देश पर चीनी मिल पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू किया था। तब जाकर किसानों को धनराशि मिलनी शुरू हुई थी। वरना यदु शुगर मिल पर बकाया धनराशि करोड़ों की जगह अरबों में पहुंच गई थी। 

यदु मिल पर गन्ना किसानों का पिछले वर्ष का करीब 27 करोड़ रुपया बकाया आ रहा है। किसानों को धनराशि दिलाने के लिए डीएम के निर्देशों पर चीनी मिल पर कार्रवाई की जा रही है। उम्मीद है जल्द ही किसानों को बकाया धनराशि दिला दी जाएगी - रामकिशन, जिला गन्ना अधिकारी

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Amar Ujala