मुख्यमंत्री ने खाद की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

June 30 2021

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के किसानों को रासायनिक उर्वरक विशेषकर यूरिया व डीएपी की मांग की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, मुख्य सचिव अमिताभ जैन और कृषि उत्पादन आयुक्त डा. एम. गीता को राज्य के लिए आवंटित उर्वरकों की मात्रा के अनुरूप उर्वरक प्रदायक कंपनियों के प्रतिनिधियों से इसकी आपूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में रासायनिक उर्वरक विशेष कर यूरिया और डीएपी की कमी को दूर करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने के साथ ही होलसेलर व रिटेलर के स्टाक की नियमित रूप से जांच पड़ताल करने और रासायनिक उर्वरक जामाखोरी करने वाले के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश के परिपालन में छत्तीसगढ़ राज्य में यूरिया व डीएपी की कम आपूर्ति का लेकर कृषि मंत्री चौबे ने केंद्रीय रासायन एवं उर्वरक मंत्री से चर्चा की है और राज्य के कोटे के अनुरूप रासायनिक उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य में खरीफ फसलों की बोनी शुरू हो गई है। किसानों को समय पर यूरिया व डीएपी प्रदाय किया जाना जरूरी है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से उर्वरक निर्माता और प्रदायक कंपनियों को क्रय आदेश के अनुरूप खाद की आपूर्ति के लिए निर्देशित करने की बात कही।

इधर, कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ के किसानों की संपन्न्ता नहीं देखी जा रही है। आखिर भाजपा छत्तीसगढ़ के किसानों को अपना दुश्मन क्यों मान रही है? चौबे ने कहा कि भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी, राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रसाद, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार सभी यहां आए, लेकिन किसी ने किसानों की बात नहीं की। इन्हें केवल कुर्सी का मोह है।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Nai Dunia