नए कृषि कानून के खिलाफ आरंग रेलवे स्टेशन पर रेल रोको आंदोलन आज

February 18 2021

कृषि कानूनों के विरोध में पिछले ढाई महीने से आंदोलन कर रहे किसान गुरुवार को देशभर में चार घंटे के लिए रेल रोको आंदोलन करेंगे। नए कृषि कानूनों के खिलाफ व संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक आरंग रेलवे स्टेशन पर रेल रोको आंदोलन होगा।

छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ से जुड़े लगभग 30 किसान संघ आंदोलन में शामिल होंगे। महासंघ के जुड़े सहायक संचालक सदस्य रूपन चंद्राकर का कहना है कि आरंग रेलवे स्टेशन में छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी है।

प्रदर्शन को लेकर बुधवार को संगठन संचालकों के साथ बैठक की गई, जिसमें रेल रोको आंदोलन के लिए किसानों को बड़ी संख्या में पहुंचने के लिए आह्वान किया गया है ।

प्रदर्शन की जानकारी रेलवे, पुलिस प्रशासन को दी गई है। गुरुवार को दोपहर 12 बजे आरंग रेलवे के पास ओवर ब्रिज के नीचे किसान जमा होगे। जहां कई ब्लाकों से पहुंच रहे किसानों के साथ एक सभा आयोजित होगी। वहीं किसानों की इस घोषणा के बाद सरकार, रेलवे प्रशासन ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Nai Dunia