कृषि कानूनों के विरोध में कल भोपाल के करोंद में धरना-प्रदर्शन

January 21 2021

कृषि कानून के विरोध में किसान फिर से आंदोलन करेंगे। गुरुवार को भोपाल के करोंद में धरना-प्रदर्शन होगा, जिसमें राजधानी समेत आसपास के जिलों के किसान भी शामिल होंगे। यह प्रदर्शन संयुक्त किसान मोर्चा की अगुआई में किया जाएगा। इसे लेकर पुलिस भी अलर्ट है। धरने के दौरान किसी तरह का हंगामा होने की स्थिति में पुलिस सख्ती भी कर सकती है।

संयुक्त किसान मोर्चा के इरफान जाफरी ने बताया कि कृषि कानूनों के विरोध में पिछले 56 दिनों से दिल्ली में किसान आंदोलन कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में भी प्रदर्शन किए गए हैं। वर्तमान में विभिन्न जिलों में किसान धरना दे रहे हैं। इसी कड़ी में 21 जनवरी को किसान करोंद मंडी क्षेत्र में धरना देंगे। धरने में किसानों के साथ मंडी के हम्माल-तुलावटी, विभिन्न श्रमिक संगठन, महिला संगठन आदि भी शामिल होंगे। उन्‍होंने बताया कि इस हेतु हुई बैठक में लगभग 35 संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से धरने में शामिल होने का निर्णय लिया है। धरने में भोपाल के अलावा रायसेन, विदिशा, सीहोर, बैरसिया आदि के किसान भी शामिल होंगे। धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा। इसके माध्यम से तीनों कानून को रद करने की मांग की जाएगी।

मंडियों में आवक घटी

मोर्चा के जाफरी ने बताया कि इस कानून के पहले ही प्रदेश में नए कानून की तर्ज पर मंडी एक्ट में बदलाव कर दिया है। इससे प्रदेश की 47 मंडियों में आवक काफी घट गई है। किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। इससे किसान परेशान हो रहे हैं। इसलिए किसान नए कानून नहीं चाहते हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके चलते भोपाल में भी धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Nai Dunia