कृषि कानून के विरोध में कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च

February 11 2021

केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन चल रहा है और किसानों के प्रति समर्थन दिखाते हुए कांग्रेस किसान अधिकार दिवस मना रही है। बुधवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बालोद शहर व ब्लाक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में दिल्ली में केंद्र सरकार द्वारा पारित तीन कृषि सुधार कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में पैदल मार्च निकाला गया। किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए कांग्रेसजनों ने झलमला से बालोद पैदल मार्च कर केंद्र सरकार से कृषि कानूनों को रद करने की मांग की है।

इस दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि हम किसानों के साथ खड़े हैं और इन काले कानूनों को केंद्र की भाजपा सरकार को वापस लेना पड़ेगा। देश के अन्नादाता अपने अधिकार के लिए मोदी सरकार के खिलाफ सत्याग्रह कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस का हर सिपाही उनके साथ है। नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों के साथ निचले स्तर पर भी कांग्रेस खुलकर खड़ी हो गई है। पैदल मार्च के दौरान ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने बताया कि किसानों की मांगें पूरी तरह जायज हैं। हम मांगों का समर्थन करते हैं। भाजपा पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने वाली सूट-बूट की सरकार है। भाजपा सरकार ने कभी किसानों के हित की बात नहीं की। यह सरकार किसान व मजदूर के दुःख को नहीं समझ रही। पैदल मार्च में शहर व ब्लाक अध्यक्ष के अलावा जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर, पूर्व शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद बंटी शर्मा, पार्षद सतीश यादव, पूर्व एल्डरमैन सुनील मालेकर, नवाब तिगाला, पार्षद दीप्ति शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल रहे।

झलमला से बालोद तक निकाला पैदल मार्च

नए कृषि कानून के विरोध और किसानों के समर्थन में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने झलमला से बालोद तक चार किलोमीटर तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेसी झलमला बस स्टैंड से पैदल चलकर दुर्ग-बालोद मार्ग होते हुए कांग्रेस भवन पहुंचे, जहां केंद्र सरकार से तीनों नए कृषि कानून रद करने की पुरजोर मांग की गई।

आगे बैलगाड़ी तो पीछे पैदल चले कांग्रेसी

पैदल मार्च में आगे बैलगाड़ी तो पीछे कांग्रेस का झंडा लिए कांग्रेसी पैदल चल रहे थे। कृषि सुधार बिल को रद करने को नारा लगाते हुए कांग्रेस के कार्यकर्ता झलमला चौक से मुख्य मार्ग होते हुए कांग्रेस भवन पहुंचे।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Nai Dunia