एक दिसंबर से होगी धान की खरीद, बनाए गए 157 नए केंद्र

November 19 2020

छत्तीसगढ़ में एक दिसंबर से किसानों से धान की खरीद की जाएगी और राज्य के मुख्य सचिव आरपी मंडल ने इसके लिए अधिकारियों से सभी तैयारियां पूरी करने को कहा है। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव ने मंगलवार को राज्य के सभी संभाग आयुक्तों, जिलाधिकारियों व अन्य अधिकारियों के साथ राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2020-2021 में धान की खरीद की तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा की। इस दौरान मंडल ने कहा कि राज्य में धान की खरीद एक दिसंबर से होगी। इस वर्ष 90 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित है, जिसकी लागत करीब 22,500 करोड़ रुपये होगी। इसके लिए सभी जिलाधिकारियों को धान खरीद केंद्रों में समुचित तैयारी करने को कहा गया है ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।  उन्होंने कहा कि इस वर्ष नए बारदानों की आपूर्ति की कमी हो रही है। इसे देखते हुए जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) तथा चावल मिलों के जरिए दो लाख पुराने बारदानों को एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 70 हजार अन्य बारदानों की भी व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष राज्य में दो हजार 205 धान खरीद केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें 157 नए केंद्र हैं।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Amar Ujala