वर्ष 2022-23 में 3305 लाख टन से अधिक खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान

May 31 2023

कृषि मंत्रालय ने वर्ष 2022-23 के लिए मुख्य फसलों के उत्पादन के तीसरे अग्रिम अनुमान जारी कर दिए हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि किसानों के अथक परिश्रम, वैज्ञानिकों के योगदान एवं सरकार की किसान हितैषी नीतियों व राज्यों के सहयोग से देश में कृषि उत्पादन लगातार बढ़ रहा है। चालू कृषि वर्ष में 3305.34 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान है।

वर्ष 2022-23 के लिए तीसरे अग्रिम अनुमानों के अनुसार, देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड 3305.34 लाख टन अनुमानित है, जो पिछले वर्ष 2021-22 की तुलना में 149.18 लाख टन अधिक है। चावल का कुल उत्पादन 1355.42 लाख टन अनुमानित है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 60.71 लाख टन अधिक है। देश में गेहूं का उत्पादन 1127.43 लाख टन होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 50.01 लाख टन अधिक है।

वर्ष 2022-23 के दौरान देश में मक्का का उत्पादन रिकॉर्ड 359.13 लाख टन अनुमानित है, जो पिछले वर्ष के उत्पादन की तुलना में 21.83 लाख टन अधिक है। वहीं पोषक/मोटे अनाजों (श्री अन्न) का उत्पादन 547.48 लाख टन होने का अनुमान है, जो गत वर्ष की तुलना में 36.47 लाख टन अधिक है। इसी प्रकार मूंग का उत्पादन 37.40 लाख टन अनुमानित है, जो पिछले वर्ष के उत्पादन की तुलना में 5.74 लाख टन अधिक है।

इस वर्ष कुल दलहन उत्पादन 275.04 लाख टन अनुमानित है, जो पिछले वर्ष के 273.02 लाख टन उत्पादन की तुलना में 2.02 लाख टन अधिक है। वहीं सोयाबीन तथा रेपसीड एवं सरसों का उत्पादन क्रमश: 149.76 लाख टन एवं 124.94 लाख टन अनुमानित है, जो पिछले वर्ष 2021-22 के उत्पादन की तुलना में क्रमश: 19.89 लाख टन और 5.31 लाख टन अधिक है। इसी प्रकार देश में कुल तिलहन उत्पादन रिकॉर्ड 409.96 लाख टन अनुमानित है, जो पिछले वर्ष के तिलहन उत्पादन की तुलना में 30.33 लाख टन अधिक है।

वर्ष 2022-23 के दौरान देश में गन्ने का उत्पादन रिकॉर्ड 4942.28 लाख टन अनुमानित है। 2022-23 के दौरान गन्ने का उत्पादन गत वर्ष के उत्पादन की तुलना में 548.03 लाख टन अधिक है। कपास का उत्पादन 343.47 लाख गांठें (प्रति गांठ 170 किग्रा) तथा पटसन एवं मेस्ता का उत्पादन 94.94 लाख गांठें (प्रति गांठ 180 किग्रा) अनुमानित है।

तीसरा अग्रिम उत्पादन अनुमान वर्ष 2022-23

खाद्यान्न 3305.34 लाख टन (रिकॉर्ड)

चावल 1355.42 लाख टन (रिकॉर्ड)

गेहूं 1127.43 लाख टन (रिकॉर्ड)

बाजरा 111.66 लाख टन

पोषक/मोटे अनाज547.48 लाख टन

मक्का  359.13 लाख टन (रिकॉर्ड)

कुल दलहन 275.04 लाख टन

चना 135.43 लाख टन

मूंग 37.40 लाख टन

तिलहन 409.96 लाख टन (रिकॉर्ड)

मूंगफली 102.82 लाख टन

सोयाबीन 149.76 लाख टन (रिकॉर्ड)

रेपसीड एवं सरसों 124.94 लाख टन (रिकॉर्ड)

कपास 343.47 लाख गांठें (प्रति गांठ 170 कि.ग्रा.)

गन्ना 4942.28 लाख टन (रिकॉर्ड)

पटसन एवं मेस्टा 94.94 लाख गांठें (प्रति गांठ 180 कि.ग्रा.)

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।
स्रोत:कृषक जगत