मूंगफली की बिक्री का सबसे बड़ा केंद्र रही करैरा मंडी आय में पिछड़ी

October 11 2021

एक समय जिले में सबसे बड़ी मूंगफली की मंडी के रूप में विख्यात करैरा मंडी दिन नंबर दो मंडी के रूप में जानी जाने लगी है। एक समय सी ग्रेड की मंडी रही करैरा मंडी आज आय के मामले में काफी पिछड़ गई है। इस मंडी में मची लूट में दूसरे विभागों से आये मंडी सचिव कुछ नेता और शेष कर्मचारियों और व्यापारियों ने अपने निजी स्वार्थों के चलते मंडी को डी ग्रेड से भी नीचे धकेल दिया है। पूर्व के वर्षों के आय के आंकड़े देखें तो मंडी आय में दुगनी और तिगुनी तक वृद्धि हुई थी। लेकिन पिछले कुछ समय में इसमें लगातार गिरावट आ रही है। किसी भी जनप्रतिनिधि का हस्तक्षेप न होने से यहां के कर्मचारी और सचिव अपने निजी हित साधने में लगे हुए हैं। दूसरी ओर किसानों के लिए यहां सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं है। स्थिति यह है कि मंडी में कोई किसान आता है तो उसे पीने का पानी भी यहां नहीं मिलता है। किसान को दुकान से खरीदकर पानी पीना पड़ता है। व्यापारी खुलेआम मंडी के गेट के बाहर ही माल खरीद रहे हैं, लेकिन कोई उन्हें रोकने की जहमत नहीं उठाता है। ऐसा ही हाल दिनारा और सिरसौद की उपमंडी है। एसडीएम के रूप में अब डीसी शुक्ला ने पदभार संभाला है। यह देखना होगा कि प्रशासक के रूप में वे यहां की व्यवस्थाओं में क्या सुधार ला पाते हैं।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: Nai Dunia