महिला किसानों को फ्री में दिया जा रहे हैं उन्नत किस्मों के बीज

December 06 2022

राजस्थान के कृषि आयुक्त श्री कानाराम ने बताया कि योजना के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा गत 4 वर्षों में रबी एवं खरीफ सीजन में कुल 54 लाख 30 हजार 781 महिला किसानों को नि:शुल्क बीज की मिनीकिट का वितरण किया जा चुका हैं। जिसमें से वर्ष 2022-23 में अब तक 26 लाख 6 हजार 977 महिला किसानों को नि:शुल्क मिनी किट वितरण की गई है।
इसमें सरसों की 2 एवं 3 किलोग्राम की 8 लाख 11 हजार 52, बाजरा की 1.5 किलोग्राम की 8 लाख 60 हजार 610, मक्का की 5 किलोग्राम की 7 लाख 95 हजार 774, मसूर की 8 किलोग्राम की 22 हजार 475, अलसी की 2 किलोग्राम की 4 हजार 144, मोठ की 4 किलोग्राम की 26 हजार 315 मिनी किट दी गयी है। वहीं खरीफ चारे की 59 हजार 882 मिनी किटों के साथ ही पशुपालक किसानों को हरे चारे (रिजका, बरसीम, जई ) की 60 हजार मिनी किट के वितरण का लक्ष्य रखा गया है जिनमें से अब तक 26 हजार 725 बीज की मिनी किट महिला किसानों को नि:शुल्क वितरण की जा चुकी है।
यह कृषक महिलाएँ ले सकती हैं निःशुल्क बीज योजना का लाभ
योजना के तहत मिनीकिट का वितरण में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाली महिला कृषकों को प्राथमिकता दी जा रही हैं। साथ ही मिनीकिट महिला के नाम से दिए जाएंगे, चाहे भूमि महिला के पिता, पति, ससुर के नाम से हो। एक महिला को मिनीकिट का एक ही पैकेट दिया जाएगा।
यहाँ से ले सकते हैं मुफ्त में उन्नत बीज
कृषि आयुक्त श्री कानाराम ने बताया कि मिनीकिट का वितरण संबंधित कृषि पर्यवेक्षक के माध्यम से किया जाता है। उन्होंने कहा कि मिनीकिट का वितरण जन आधार कार्ड के माध्यम से ही किया जा रहा है। किसान अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए निकटतम कृषि कार्यालय में संपर्क कर सकते है या किसान कॉल सेंटर के निःशुल्क दूरभाष नंबर 1800-180-1551 पर बात कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।
स्रोत:Kisan Samadhan