पंजाब में इस साल कम जली पराली, दो सालों में सबसे कम आंकड़ा

October 23 2023

पंजाब में इस बार पराली जलाने के मामलों में बीते दो सालों की अपेक्षा रिकॉर्ड कमी दर्ज की जा रही है। आंकडों के मुताबिक 15 सितंबर से लेकर अब तक पंजाब में पराली जलाने के 1794 मामले सामने आए हैं। साल 2022 में इससे दो गुना ज्यादा 3696 मामले रिकॉर्ड हुए थे। साल 2021 में इससे भी ज्यादा 5438 केस आए थे।

रविवार को भी पंजाब में पराली जलाने के मामलों में कमी रही। साल 2021 में इसी दिन 1111 और 2022 में 582 मामले सामने आए थे। पंजाब प्रादूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) के चेयरमैन डॉ. आदर्श पाल विग का कहना है कि काफी हद तक धान की कटाई हो चुकी है तो ऐसे में आने वाले दिनों में पराली जलने के मामलों में अधिक वृद्धि होने की संभावना नहीं है।

पीपीसीबी ने 468 किसानों पर लगाया 11.40 लाख का जुर्माना

पीपीसीबी इस बार पराली जलाने वाले किसानों पर सख्त रहा है। चेयरमैन के मुताबिक बोर्ड ने 468 किसानों पर 11 लाख 40 हजार का जुर्माना लगाया है। उन्होंने कहा कि पराली जलाने पर मनाही है, इसलिए ऐसा करने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है। 
स्रोत: अमर उजाला