देश में रबी का रकबा 59 लाख हेक्टेयर से अधिक पहुंचा

October 30 2023

देश में रबी फसलों की बुवाई प्रारंभ हो गई अब तक 50 लाख 3 हजार हेक्टेयर में बोनी कर ली गई है, जबकि गत वर्ष इस अवधि में 50 लाख 30 हजार हेक्टेयर में बोनी हुई थी। देश में गेहूं बुवाई की रफ्तार पकडऩे लगी है। अब तक 3.86 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बोनी हो गई है, जो गत वर्ष 2.17 लाख हेक्टेयर में हुई थी। चालू रबी में तिलहनों का रकबा तेजी से बढ़ रहा है। वहीं दलहनी फसलों की बुवाई भी गत वर्ष के समान है। रबी में 639.70 लाख हेक्टेयर फसलों का समान क्षेत्र है।

कृषि मंत्रालय द्वारा जारी बुवाई के फसलवार आंकड़ों के अनुसार 27 अक्टूबर तक गेहूं बुवाई 3.86 लाख हेक्टेयर में हुई है। जबकि सामान्य क्षेत्र 303.82 लाख हेक्टेयर है। वहीं धान की बोनी अब तक 3.50 लाख हेक्टेयर में हुई है, जबकि गत वर्ष 4.05 लाख हेक्टेयर में बोई गई थी। रबी में धान का सामान्य क्षेत्र 47.83 लाख हेक्टेयर है।

तिलहनी फसलें:  देश में तिलहनी फसलों का रकबा तेजी से बढ़ रहा है। अब तक 28.42 लाख हेक्टेयर में तिलहनी फसलें बोयी जा चुकी है, जो गत वर्ष अब तक 24.68 लाख हेक्टेयर में बोयी गई थी।  देश की प्रमुख तिलहनी फसल सरसों की बुवाई गत वर्ष की तुलना में लगभग 4 लाख हेक्टेयर अधिक है। अभी तक 28.42 लाख हे. में सरसों की बुवाई हो गई है। जबकि गत वर्ष 24.68 लाख हेक्टेयर में हुई थी। वहीं मूंगफली, सूर्यमुखी और अलसी की बोनी भी प्रारंभ हो गई है।

मोटे अनाज: देश में मोटे अनाजों का रकबा भी बढ़ रहा है। ज्वार, मक्का, बाजरा जैसे प्रमुख मोटे अनाजों की बुवाई 6.45 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है। जबकि गत वर्ष अब तक 4.39 लाख हेक्टेयर में बोनी हुई थी। इसका सामान्य क्षेत्रफल 52.57 लाख हे. है।

दलहनी फसलें: देश में दलहनी फसलों की बुवाई इस वर्ष बढ़ी है। अब तक 16.79 लाख हेक्टेयर में बोनी हुई है। जो गत वर्ष की तुलना में 1.77 लाख हेक्टेयर अधिक है, क्योंकि गत वर्ष अब तक 15.02 लाख हेक्टेयर में दलहनी फसलें बोई गई थी। दलहनी फसलों का सामान्य क्षेत्र 153.25 लाख हेक्टेयर है। इसमे चने की बुवाई 12.84 लाख हेक्टेयर में हुई है। जबकि गत वर्ष अब तक 11.21 लाख हेक्टेयर में चना बोया गया था। चने का सामान्य क्षेत्र 101.08 लाख हेक्टेयर है।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है। 
स्रोत: कृषक जगत