छह राज्यों को छोड़ देशभर में अंडे के दाम ने पकड़ी रफ्तार

October 16 2023

देशभर की ज्यादातर छोटी-बड़ी अंडा मार्केट ने रफ्तार पकड़ी हुई है। अंडे के होलसेल दाम 5.50 रुपये से लेकर छह रुपये तक पहुंच गए हैं। इसमे से कुछ मार्केट स्थिर हो गई हैं तो कुछ लगातार बढ़ रही हैं। वहीं देश के छह राज्य ऐसे भी हैं जहां अंडा सस्ता बिक रहा है। दाम बढ़ने के बजाए और घट रहे हैं। इन छह राज्यों में बीते 15 दिन से तो बाजार के ये ही हालात बने हुए हैं। अंडा बाजार के हालत ये हो गए हैं कि नेशनल ऐग कोआर्डिनेशन कमेटी (एनईसीसी) अंडे के जो होलसेल रेट खोलती है तो अंडा उससे भी कम रेट पर बिक रहा है। 

पोल्ट्री फार्मर के लिए अंडे की लागत निकालना तक मुश्किल हो रहा है। लेकिन बाजार का ये खेल चौंकाने वाला है कि जहां ज्यादातर बाजार में महंगा अंडा बिक रहा है तो सिर्फ छह राज्यों में सस्ता अंडा बिक रहा है। पोल्ट्री एक्सपर्ट की मानें तो अभी अंडों के दाम 20 अक्टूबर तक ऐसे ही गिरेंगे। 22 अक्टूबर या उसके बाद ही दाम में बढ़ोतरी होगी।

इसलिए छह राज्यों  में कम हो रहे हैं अंडों के दाम 

पोल्ट्री एक्सपर्ट मनीष शर्मा ने किसान तक को बताया कि अक्टूबर की शुरुआत से त्यौहारी सीजन आ गया था। पहले श्राद्ध पक्ष शुरू हुए थे। श्राद्ध पक्ष के चलते बाजार में अंडों की डिमांड ना के बराबर रह गई थी। अब दो दिन पहले श्राद्ध पक्ष खत्मं हुए तो फौरन बाद ही नवरात्र शुरू हो गए हैं। इसके चलते खासतौर पर नॉर्थ इंडिया के राज्य पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी, दिल्ली और मध्य प्रदेश में अंडों की खपत कम हो जाती है। आस्था के चलते लोग अंडा और नॉनवेज खाना बंद कर देते हैं।

दिवाली के आसपास भी अंडों की बिक्री कमजोर ही रहती है। इसका सबसे ज्यादा नुकसान पोल्ट्री फार्मर को उठाना पड़ता है। क्योंकि ऐसा भी नहीं है कि मुर्गी डिमांड के हिसाब से अंडे देती हो। अब जो अंडे होलसेल बाजार में आएंगे तो वो कोल्ड स्टोरेज में रखे जाएंगे। लेकिन इस सब का खामियाजा उन पोल्ट्री फार्मर को भुगतना पड़ेगा जिन्हें हर कीमत पर रोजाना बाजार में अंडा बेचना ही है।

जानें किन छह राज्यों में सस्ता बिक रहा है अंडा 

एनईसीसी के अंडा भाव पर जाएं तो इस वक्त पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी, दिल्ली और मध्य प्रदेश में अंडा सस्ता बिक रहा है। यहां अंडे के दाम पांच रुपये से लेकर साढ़े पांच रुपये तक हैं। जबकि देश की दूसरे अंडा मंडियों में अंडा 5.50 रुपये से लेकर छह रुपये तक का बिक रहा है. कोलकाता में एक अंडे का दाम 6.05 रुपये है।

जबकि चैन्नेई में 5.70, मुमबोई 5.80, सूरत 5.85 और अहमदाबाद में 5.55 रुपये का एक अंडा बिक रहा है। जबकि उत्तर भारत के होलसेल बाजारों, बरवाला, हरियाणा में अंडे के होलसेल दाम 5.17 रुपये, अजमेर, राजस्थान मंडी में 5.10 रुपये, दिल्ली 5.36, लुधियाना, पंजाब में 5.10 और जबलपुर, मध्य प्रदेश में भी 5.10 रुपये का एक अंडा बिक रहा है।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है। 
स्रोत: किसान तक