कृषि विश्वविद्यालय की मेगा सीड परियोजना को सर्वश्रेष्ठ केन्द्र का पुरस्कार

April 12 2019

भारतीय बीज विज्ञान संस्थान मऊ वाराणसी की 34वीं संयुक्त वार्षिक समूह की बैठक चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार में 7 से 9 अप्रैल तक आयोजित की गई। इसमें इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित मेगा सीड परियोजना को देश के 63 केन्द्रों में सर्वश्रेष्ठ केन्द्र का पुरस्कार प्राप्त हुआ। यह पुरस्कार भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के महानिदेशक डॉ. टी महापात्रा ने प्रदान किया और संचालक प्रक्षेत्र एवं नोडल आफिसर डॉ. एसएस सेंगर तथा प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. एनके रस्तोगी ने प्राप्त किया। इस अवसर पर भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली के संयुक्त सचिव अश्विनी कुमार, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के सहायक महानिदेशक (बीज) डॉ. डीके यादव विशेष रूप से उपस्थित थे। यह उपलब्धि राष्ट्रीय बीज परियोजना प्रभारी डॉ. पीके चन्द्राकर और डॉ. एनके रस्तोगी तथा समस्त प्रक्षेत्र प्रबंधकों के सक्रिय योगदान से अर्जित की है।

लगभग 52 किस्मों का प्रजनक

गौरतलब है कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली द्वारा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में मेगा सीड परियोजना की स्थापना वर्ष 2006-07 में बीज उत्पादन के लिये की गई। इस परियोजना द्वारा किसानों की मांग के अनुसार छत्तीसगढ़ की प्रमुख फसलों जैसे धान, गेहूं, कोदो, रागी, सोयाबीन, अलसी, कुसुम, सरसों, चना, मटर, मूंग, उड़द, तिवड़ा एवं कुल्थी की लगभग 52 किस्मों का प्रजनक, आधार एवं प्रमाणित बीज तैयार किया जाता है तथा प्रदेश के अलावा देश के विभिन्ना प्रदेशों में उपलब्ध कराया जाता है। वर्ष 2015-16 में राष्ट्रीय बीज परियोजना इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यलया की रायपुर इकाई को राष्ट्रीय अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है।

स्रोत: नई दुनिया