कर्नाटक में 2023-24 के सत्र में चीनी उत्पादन 42 प्रतिशत घटने का अनुमान

October 18 2023

देश के तीसरे सबसे बड़े उत्पादक राज्य कर्नाटक में इस महीने शुरू हुए 2023-24 चीनी सत्र में चीनी उत्पादन 42.30 प्रतिशत घटकर 34.51 लाख टन रहने का अनुमान है। इस गिरावट का कारण गन्ने का कम उत्पादन और कम चीनी प्राप्ति है। हाल ही में समाप्त हुए वर्ष 2022-23 सत्र (अक्टूबर-सितंबर) में राज्य में चीनी उत्पादन 59.81 लाख टन रहा था। राज्य सरकार के अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2023-24 में कर्नाटक में गन्ने का उत्पादन कम यानी 520 लाख टन होने का अनुमान है, जबकि पिछले सत्र में यह 705 लाख टन का हुआ था। इस अवधि में पेराई के लिए गन्ने की उपलब्धता पहले के 603.55 लाख टन के मुकाबले 442 लाख टन रहने का अनुमान है। नतीजतन, राज्य में कुल चीनी उत्पादन वर्ष 2023-24 में 34.51 लाख टन होने का अनुमान है, जो पिछले सत्र के 59.81 लाख टन से कम है। इस सत्र में चीनी प्राप्ति का स्तर भी वर्ष 2022-23 के 9.91 प्रतिशत की तुलना में कम यानी आठ प्रतिशत रहने का अनुमान है। हालांकि, कर्नाटक में एथनॉल का उत्पादन वर्ष 2023-24 में 40 करोड़ लीटर से अधिक होने का अनुमान है, जबकि पिछले सत्र में यह उत्पादन 35 करोड़ लीटर था। राज्य में लगभग 77 मिलें चालू हैं, जिनमें से 34 में डिस्टलरी लगी हुई है।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है। 
स्रोत: hindi.theprint.in