मानसून पहुंचा उत्तर भारत, अगले 24 घंटों में दिल्ली में हो सकती है बारिश

June 28 2018

गर्मी से उबल रहे उत्तर भारत के लिए अच्छी खबर है क्योंकि मॉनसून उत्तर भारत पहुंच चुका है और मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में झमाझम बारिश हो सकती है। अभी यह पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार में आगमन की प्रक्रिया में है, 30 जून तक कच्छ को छोड़कर पूरे भारत में मॉनसून होगा। मौसम विभाग ने कहा कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

मॉनसून के दिल्ली पहुंचने का सामान्य समय 29 जून है.लेकिन हल्की बारिश का सिलसिला शुरू है और आसमान पर बादल छाए हुए हैं। तापमान में आई गिरावट की वजह से गर्मी से झुलस रहे दिल्लीवासियों के चेहरे पर मुस्कान खिली है। मौसम विश्लेषकों ने कहा कि मॉनसून लगभग एक हफ्ते से मंद हो गया था। हालांकि रविवार से फिर सक्रिय हो गया है और उत्तर की तरफ बढ़ने लगा है।

हरियाणा में भारी बारिश की आशंका

मौसम विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है कि प्री-मॉनसून के कारण हरियाणा में अगले 4 दिन (29 जून से 1 जुलाई तक) भारी बारिश की आशंका है। आपको बता दें कि मौसम विश्लेषकों ने कहा कि मॉनसून लगभग एक हफ्ते से मंद हो गया था। हालांकि रविवार से इसने फिर से रफ्तार पकड़ी है और उत्तर की तरफ बढ़ने लगा है। मानसून ने झारखंड और बिहार में भी दस्तक दे दी है। पश्चिम बंगाल के ज्यादातर हिस्सों, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों सुपौल और जमशेदपुर में बारिश दर्ज की गई है।

विभाग के मुताबिक आज भी गुजरात के कई इलाकों में जोरदार बारिश हो सकती है, मानसून उत्तरी छोर में मुंबई, ठाणे, अहमदनगर, बुल्धाना, अमरावती, गोंदिया, कटक, मिदनापुर आदि से होकर लगातार आगे बढ़ रहा है, इससे उत्तर भारतीय राज्यों यानी पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में बारिश होने के आसार बने हुए हैं।