महाराष्ट्र: विधानसभा घेरने की तैयारी के बीच सीएम देवेंद्र फडणवीस की किसानों संग बैठक

March 12 2018

मुंबई -महाराष्ट्र सरकार कर्जमाफी और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने की मांग को लेकर मुंबई में डटे किसानों को मनाने में जुटी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार दोपहर विधानसभा में किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। बता दें कि आजाद मैदान में डटे करीब 30 हजार किसान विधानसभा घेरने पर अड़े हैं। फडणवीस किसानों की मांग के प्रति सकारात्मक रुख की बात कह चुके हैं।

मीटिंग से पहले देवेंद्र फडणवीस ने कहा, हमारी सरकार किसानों की मांग के प्रति सकारात्मक है। मोर्चा के पहले दिन से ही हमलोग किसानों की कई मांगों को लेकर बातचीत की है। शुरुआत से ही जल संसाधन मंत्री गिरिश महाजन किसानों के साथ संपर्क में हैं। हालांकि, किसान पहले से ही मार्च निकालने को लेकर अटल थे।इस बीच किसानों के मार्च का मसला महाराष्ट्र विधानसभा में भी उठा। विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने किसानों की सभी मांगें तत्काल मानने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर किसानों की मांग नहीं मानी तो उनके श्राप से सरकार भस्म हो जाएगी। इस बीच फडणवीस खुद किसानों को मनाने में जुट गए हैं। विधानसभा में सीएम ने अन्य नेताओं के साथ बैठक भी की है। 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह खबर अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है|

Source: navbharat india