नर्मदा व खेती को बचाने 3 राज्यों के किसान और प्रभावित करेंगे प्रदर्शन

May 14 2018

नर्मदा व खेती को बचाने के उद्देश्य से एक यात्रा नर्मदा घाटी से शुरू होगी। नबआं व अभा किसान संघर्ष समन्वयक समिति की इस यात्रा में 3 राज्यों से किसान, मजदूर, मछुआरे, बांध परियोजना के प्रभावित शामिल होंगे। यात्रा का शुभारंभ धार जिले के खलघाट से 30 मई को होगा। इससे पूर्व 27 मई को प्रदेश सहित महाराष्ट्र व गुजरात के विभिन्न जिलों से लोग रवाना होंगे।

नबआं के राहुल यादव ने बताया कि 27 मई से तीन राज्यों व अनेक जिलों से वाहन यात्राओं की शुरुआत होगी। सरदार सरोवर सहित अन्य बांध परियनोजनाओं से प्रभावित लोग, किसान, मजदूर खलघाट में 29 मई की रात में एकत्रित होंगे। 30 मई को धामनोद, मानपुर होते इंदौर पहुंचेंगे। 31 मई को यहां से देवास व आष्टा होते सीहोर पहुंचेंगे। 2 जून को सीहोर से पैदल भोपाल की ओर कूच करेंगे। भोपाल में 4 जून को जनअदालत लगेगी। इसमें कर्जमुक्ति, उपज का सही दाम व नर्मदा को बचाने की मांग उठेगी। मंदसौर में हुए गोलीकांड और किसानों पर दर्ज किए झूठे प्रकरणों के खिलाफ 5 जून को एक दिन का उपवास कार्यक्रम भी होगा।

संपूर्ण न्याय नहीं मिला

नबआं नेत्री मेधा पाटकर ने बताया कि नर्मदा घाटी की भूमि, कृषि, जल और जंगल पर संकट फिर से छाया हुआ है। सरदार सरोवर के विस्थापितों को 32 साल के संघर्ष से कई अधिकार तो मिले लेकिन गुजरात, महाराष्ट्र व मप्र के हजारों प्रभावित परिवारों को आज तक संपूर्ण न्याय प्राप्त नहीं हुआ है।

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह कहानी अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है|

Source: Infopatrika