खरीदी का फर्जीवाड़ा रोकने के लिए फसल के साथ लेंगे किसान का फोटो

July 04 2018

 प्रदेश में मूंग और उड़द की खरीदी में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए पहली बार फसल के साथ किसान की फोटो

भोपाल। प्रदेश में मूंग और उड़द की खरीदी में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए पहली बार फसल के साथ किसान की फोटो खींची जाएगी। जहां सीसीटीवी कैमरे हैं, वहां बिक्री की कार्यवाही को रिकॉर्ड किया जाएगा। गर्मी की मूंग और उड़द की खरीदी बुधवार से शुरू होगी।

दोनों फसलें मंडी में बेचने पर किसान को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मूंग में प्रति क्विंटल 800 रुपए मिलेंगे। उड़द की राशि अभी तय नहीं हो पाई है पर खरीदी शुरू हो जाएगी।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खरीदी में पारदर्शिता रखने के लिए बिक्री की कार्यवाही को रिकॉर्ड करने का निर्णय लिया गया है। मूंग की औसत उत्पादकता प्रति हेक्टेयर 12 क्विंटल और उड़द की 14 क्विंटल तय की गई है। इस हिसाब से प्रोत्साहन राशि का भुगतान सीधे किसान के खाते में किया जाएगा।

किसान को व्यापारी द्वारा दस हजार रुपए या कुल राशि का पचास प्रतिशत हिस्सा डिजिटल पेमेंट के माध्यम से देना होगा। किसान ने जिस जिले में फसल बेचने के लिए पंजीयन कराया है, उसके बाहर फसल बेचने पर प्रोत्साहन राशि नहीं दी जाएगी।

इन जिलों में होगी खरीदी

होशंगाबाद, सीहोर, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, हरदा, विदिशा, गुना, देवास, इंदौर, धार, बालाघाट, कटनी, डिंडौरी, सिवनी और दमोह।

 

इस खबर को अपनी खेती के स्टाफ द्वारा सम्पादित नहीं किया गया है एवं यह कहानी अलग-अलग फीड में से प्रकाशित की गयी है|

Source: Naidunia